प्रदेश के लोगों को झुलसाने वाली गर्मी व गर्म हवाओं से शुक्रवार से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि द्रोणिका के प्रभाव से शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तेज हवा चलने के साथ ही बिजली भी गिर सकती है।
इधर, गुरुवार को भी राजधानी रायपुर समेत प्रदेश भर में झुलसाने वाली गर्मी रही। दोपहर की तपिश के साथ ही देर रात तक गर्म हवा चलने लगी है। प्रदेश भर में गुरुवार को एआरजी अजुर्नी (बलौदाबाजार) 46.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्वाधिक गर्म रहा। रायपुर का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शुक्रवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इससे गर्मी से भी राहत मिलेगी।
48 घंटों में बढ़ेगी मानसून की सक्रियता
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में पश्चिम मध्य और उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ भाग में मानसून की गतिविधि बढ़ने की संभावना है। अब मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए अब परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। प्रदेश में भी द्रोणिका के प्रभाव के शुक्रवार को विभिन्ना क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने या हल्की वर्षा की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में अंधड़ चलने के सात ही बिजली भी गिर सकती है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो जाएगा।
Add Comment