मरुस्थल से आ रही शुष्क हवा प्रदेश के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों को तपाने के बाद राजधानी रायपुर को भी झुलसा रही है। सुबह 8 बजे से तापमान 36 डिग्री से ऊपर पहुंच जा रहा है। दोपहर आते-आते पारा इतना चढ़ जाता है कि सड़कें लगभग सूनी होने लगी हैं। आलम यह है कि दिन ढलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है।
शाम 5 बजे तक तापमान 40 डिग्री से नीचे नहीं उतर रहा है वहीं रात 8 बजे के आसपास तापमान 35 से 36 डिग्री के बीच रहने लगा है। राजधानी में सुबह और शाम को 8 बजे के आसपास जितना तापमान रिकार्ड किया जा रहा है वह साल के बाकी समय में दिन का अधिकतम तापमान होता है।
सुबह 5.22 बजे सूरज निकलता है। इससे ठीक थोड़ा पहले यानी 5 बजे के आसपास तापमान रिकार्ड किया जाता है, जो न्यूनतम तापमान कहलाता है। सोमवार को सुबह 5 बजे न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। तीन घंटे में ही यानी 8 बजे के आसपास यह 36 डिग्री के करीब पहुंच गया। इससे सूरज की तपिश का अंदाज लगाया जा सकता है कि राजधानी में कितनी तेज गर्मी पड़ रही है।
ढाई से तीन बजे तापमान अधिकतम
दोपहर तीन बजे लिया गया तापमान सबसे अधिक होता है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। इसके बाद तापमान में क्रमश: गिरावट आने लगती है। इंदिरा गांधी कृषि मौसम विज्ञान विभाग के एचओडी डा. जीके दास का कहना है कि आपतौर पर तापमान में स्थानीय वातावरण का प्रभाव पड़ता है। जैसे तापमान रिकार्ड करने के स्थान पर हरियाली कम है। आसपास कंक्रीटीकरण अधिक है।
Add Comment