महासमुंद : स्वास्थ मंत्री टीएस सिंहदेव के महासमुंद आगमन पर पूर्व विधायक एवं भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक डॉ विमल चोपड़ा एवं सांसद चुन्नीलाल साहू के नेतृत्व में भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने न्यू सर्किट हाउस में सौजन्य मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
मुलाकत में डॉ विमल चोपड़ा एवं सांसद चुन्नीलाल साहू तथा भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने मंत्री सिंहदेव का पुष्पहार पहनाकर महासमुंद आगमन पर खुशी व्यक्त करते हुए स्वागत किया।
तत्पश्चात् डॉ चोपड़ा ने चर्चा में स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव को महासमुंद मेडिकल कॉलेज के संबंध पुन: अवगत कराते हुए आग्रह किया कि केन्द्र सरकार द्वारा लगभग दो वर्ष पूर्व महासमुंद में मेडिकल कॉलेज खोलने की स्वीकृति दी गई।
इसके भौतिक विकास के लिए 60 प्रतिशत की राशि राज्य को जारी की गई है। परंतु, दो वर्ष के पश्चात भी राज्य शासन द्वारा मूलभूत सुविधा उपलब्ध न करा पाने के कारण मेडिकल कालेज को 3-4 दौर के पश्चात भी मान्यता प्राप्त नहीं हुई है।
जिसके कारण क्षेत्र के लगभग 200 डॉक्टरों की सीट लेप्स हो गयी। उन्होंने यह भी बताया कि महासमुंद विधानसभा का बड़ा केंद्र झलप है, जहां मात्र प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र होने के कारण चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है।
अत: इस प्राथमिक स्वाथ्य केन्द्र का उन्नयन सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र के रूप में किया जाए या महासमुंद में मेडिकल कॉलेज का अस्पताल होने के कारण जिला चिकित्सालय झलप में स्थानांरित किया जाए।
छत्तीसगढ़ के कोरबा एवं महासमुंद जिले में मेडिकल कालेज को मान्यता प्राप्त न हो पाने के कारण चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े हजारों छात्र-छात्राओं को चिकित्सा से वंचित होना पड़ रहा है। डॉ चोपड़ा ने महासमुंद क्षेत्र की समस्याओं का शीघ निराकरण करने आशा व्यक्त की।
Add Comment