रायपुर : ऐसी संभावना है कि इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में 27 मई को प्रवेश करेगा। इसे देखते हुए मौसम विभाग का कहना है कि छत्तीसगढ़ में भी मानसून समय से चार दिन पहले यानी 10 जून के बजाय छह जून तक प्रवेश कर सकता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार से शुरू होने वाला नौतपा इस वर्ष ज्यादा तपाएगा, लेकिन पिछले वर्ष की तुलना में लोगों के लिए थोड़ा राहत भरा ही रहेगा।
मौसम के मिजाज में बदलाव के कारण मंगलवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
रायपुर के अधिकतम तापमान में सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही। रायपुर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार सुबह से ही राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहे। इसके चलते गर्मी से भी थोड़ी राहत रही।
प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बिलासपुर और अंबिकापुर का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम रहा।
मौसम विज्ञानियों का भी कहना है कि आने वाले कुछ दिन अभी मौसम का रुख इस प्रकार ही बना रहेगा। अधिकतम तापमान में कोई विशेष प्रकार का बदलाव नहीं होगा।
बुधवार को प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते है। आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज इस प्रकार से ही बना रहेगा।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा उत्तर झारखंड और उसके आसपास 3.1 किमी ऊंचाई तक है।
इसके प्रभाव से ही बुधवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने के आसार हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ छींटे भी पड़ेंगे। प्रदेश के अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
Add Comment