जगदलपुर : बस्तर संभाग के सातों जिलों के जिला मुख्यालयों जगदलपुर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, एवं कोंड़ागांव में भाजपा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आज भाजपा कार्यालय के सामने भूपेश सरकार के द्वारा जन आन्दोलन को कुचलने के लिये लाये गये काले कानून के विरोध मे भाजपा कार्यकर्ताओ द्वारा धरना प्रदर्शन किया और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा इसके बाद रैली निकाल कलेक्ट्रेट घेराव करने निकले हजारों की संख्या मे भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्त्ताओ को पुलिस ने बैरीकेटिंग कर रोककर गिरफ्तार कर लिया इस दौरान कार्यकर्ता उत्तेजित नजर आए और बैरीकेटिंग हटाने का प्रयास करते हुए दिखे।
धरना प्रदर्शन में पूर्व मंत्री व भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के आपात काल को देश की जनता ने टिकने नहीं दिया।
उसके सामने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के इस काले कानून की हैसियत ही क्या है, उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी कहते हैं, कि देश में आंदोलन करने के लिए क्या अनुमति लेने की जरूरत पड़ेगी, लगता है उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का काला कानून नहीं पढ़ा है।
राहुल गांधी भाजपा को बदनाम करने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं लेकिन कांग्रेस साशित राज्य में प्रदर्शन के लिए अनुमति लेने वाला काला कानून स्वयं ही लागू किए हुए है। उन्होंने कहा कि यह डरी हुई सरकार है जो अपने विरुद्ध होने वाले किसी भी आंदोलन को कुचलने के लिए विभिन्न कुप्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरे प्रदेश में भय का वातावरण बनाकर लोगों के मौलिक अधिकार छीनने का प्रयत्न कर रही है। आज इस अत्याचारी, दमनकारी, लोकतंत्र विरोधी सरकार के विरुद्ध विद्रोह का शंखनाद हुआ है। प्रदेश मे लूट-घूसखोरी और अत्याचार बढ़ गया है।
उन्होने कहा कि अत्याचारी सरकार के दमन से जनता को मुक्ति दिलाने का वक्त आ गया, कांग्रेस के साढे 03 वर्षों में जनता को वादाखिलाफी, झूठ, धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं मिला। अब जनता पूछ रही है कि जो वादे करके कांग्रेस सत्ता में आई थी वह कहां हवा हो गए। यह सरकार जनता की सवालों से डरकर काला कानून लेकर आई है, जिसका विरोध भाजपा हर स्तर पर करेगी।
Add Comment