स्टेशन और गुढ़ियारी से जुड़े करीब आधा दर्जन वार्डों के एक लाख से ज्यादा लोगों के लिए राहत की खबर है। गुढ़ियारी में अब नया अंडरब्रिज बनाया जा रहा है। यह अंडरब्रिज अभी नए बने अंडरब्रिज के दूसरी ओर होगा। इस ब्रिज को एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा। एयरपोर्ट से आने वाले लोग नए एक्सप्रेस-वे से सीधे स्टेशन तक आ सकेंगे।
गुढ़ियारी अंडरब्रिज को हाल ही आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। इस अंडरब्रिज के दूसरी ओर ही नया अंडरब्रिज बनाया जा रहा है। फिलहाल यह कई दशकों पुराना अंडरब्रिज बना है, जिसे बंद कर दिया गया था। अब इसे ही तोड़कर नया अंडरब्रिज बनाया जा रहा है।
इस अंडरब्रिज के बाद से होकर जाने वाली सड़क को सीधे प्लेटफॉर्म नंबर 7 से जोड़ा जाएगा। इससे गुढ़ियारी से आने-जाने वाला या एक्सप्रेस वे आने-जाने वाले लोग प्लेटफॉर्म नंबर 7 में सीधे पहुंच सकेंगे।
स्टेशन के पास जाम से मिलेगी राहत
गुढ़ियारी में नया अंडरब्रिज बनाने का काम भी शुरू हो गया है। वहां से मिट्टी को हटाने के साथ ही जमीन समतल करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए हैवी मशीनें भी लगा दी गई हैं। अफसरों का दावा है कि अंडरब्रिज बनाने का काम जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
नया अंडरब्रिज बनने के बाद दोनों ओर से गाड़ियां आना-जाना करेंगी। यानी स्टेशन से आने वाले लोग अभी गुढ़ियारी में बने नए अंडरब्रिज से गुढ़ियारी की ओर जा पा रहे हैं। नया अंडरब्रिज बनने के बाद लोग गुढ़ियारी से स्टेशन की ओर आ सकेंगे। इससे गुढ़ियारी और रेलवे स्टेशन के आसपास लगने वाला ट्रैफिक जाम भी कम से कम हो जाएगा।
गुढ़ियारी वाले हिस्से का काम तेज
एक्सप्रेस-वे की शुरुआत रेलवे स्टेशन के गुढ़ियारी वाले हिस्से से शुरू होती है। पिछली सरकार में निर्माण गुणवत्ताहीन होने की वजह से इसे फिर से बनाया जा रहा है। अभी यह काम तेजी से हो रहा है। यह के फ्लाईओवर में खुदाई कर उसे फिर से बना दिया गया है।
एक्सप्रेस-वे के इसी शुरुआती हिस्से को गुढ़ियारी के नए अंडरब्रिज से जोड़ा जा रहा है। सबसे पहले यही काम किया जाएगा। यह हिस्सा पूरा होने के बाद आगे की सड़क बनाई जाएगी, जिसे प्लेटफॉर्म नंबर सात से जोड़ा जाएगा। माना जा रहा है कि कोई तकनीकी दिक्कत नहीं आती है तो इस साल के अंत तक अंडरब्रिज बनाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
Add Comment