हमीरपुर: शादी के स्टेज पर दूल्हा और दुल्हन के बीच प्रैंक वीडिया खूब वायरल हो रहे हैं, इसी बीच हमीरपुर के एक गांव में दूल्हा-दुल्हन का जयमाल स्टेज का वीडियो वायरल हुआ है।
दूल्हे ने जयमाल पहनाया तो नाराज दुल्हन ने उसे ही थप्पड़ मारने शुरू कर दिए और फिर स्टेज से उतरकर चली गई। यह देखकर शादी समारोह में मौजूद लोग भी सन्न रह गए। मामला इतना बढ़ा कि जनाती और बरातियों के बीच भी लाठी डंडे चल गए। वीडियो इंटरनेट मीडिया के सोशल प्लेटफार्म वाट्सएप और फेसबुक पर तेजी से वायरल हो रहा है और काफी देखा जा रहा है।
हमीरपुर में विवाह समारोह में अजब-गजब, दूल्हे ने जैसी ही डाली वरमाला दुल्हन ने बरसाए थप्पड़ pic.twitter.com/Y1BBRsteP0
— Dharmendra Pandey (@Dharm0912) April 18, 2022
दरअसल, हमीरपुर के ललपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को बरात आई थी। हाथों में मेहंदी और लाल जोड़ा पहनकर सजी दुल्हन भी मन ही मन जीवन साथी के साथ भविष्य के सुनहरे सपने बुन रही थी। शादी का पंडाल सजा था और रिश्तेदार-परिचत बरात का इंतजार कर रहे थे। गाड़ी में सवार दूल्हा और नाचते गाते बराती रविवार देर रात दरवाजे पहुंचे तो द्वारचार की रस्म पूरी की गई।
इसके बाद दूल्हा अपने साथियों के साथ स्टेज पर पहुंचा और फिर दुल्हन हाथ में वरमाला लेकर सहेलियों के साथ स्टेज पर आई। अचानक कुछ ऐसा हुआ कि एक पल में पूरा माहौल ही बदल गया। दूल्हे ने जैसे ही जयमाल गले में डाला वैसे ही दुल्हन का पारा चढ़ गया और उसने दूल्हे को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए।
दूल्हे के लिए लेकर आई वरमाला स्टेज पर फेंककर दुल्हन गुस्से में वहां से चली गई। यह नजारा देखकर अचानक बराती और जनती पक्ष के लोग सन्न रह गए और चर्चाएं शुरू हो गईं। जयमाल का वीडियो बना रहे लोगों के मोबाइल पर पूरा घटनाक्रम कैद हो गया।
अपने कमरे में जाने के बाद दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया तो अफरा तफरी का माहौल हो गया। बताया गया है कि दुल्हन को दूल्हा पंसद नहीं आया, इससे पहले उसने उसे देखा नहीं था। जयमाल के स्टेज पर दूल्हे को देखकर दुल्हन नाराज हो गई और गुस्से में आकर उसने दूल्हे को थप्पड़ मार दिए।
इसके बाद जनाती व बरातियों के बीच भी विवाद शुरू गया और लाठी डंडे चलने से कुछ लोग घायल भी हुए। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पिता ने बताया कि पुत्री को दौरे आते हैं, शादी में मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई है।
दोनो पक्ष के बीच राजीनामा हो गया है और शादी की रस्में पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी पक्ष से मारपीट की तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
Add Comment