
अगले साल होने वाले विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर भाजपा ने चुनावी एक्शन प्लान तैयार किया है। इसके तहत सांसदों और विधायकों को अपने क्षेत्र के कमजोर बूथों को चिन्हित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। देश भर के सांसद अपने- अपने क्षेत्रों के 100 सबसे कमजोर बूथ छांटेंगे। इसी तरह विधायक 50 कमजोर बूथों को चिन्हित करेंगे।
पार्टी की रणनीति इन बूथों के कमजोर बने रहने के कारणों का पता लगाना और इनको मजबूत करने पर जोर देना है। छत्तीसगढ़ में बूथों को मजबूत करने के मिशन के तहत पार्टी राज्य के लगभग पांच हजार शक्ति केंद्रों पर विस्तारक भेजेगी। इन विस्तारकों की 24 से 27 अप्रैल तक विधानसभा स्तर पर ट्रेनिंग होगी।
इसके बाद 5 से 15 मई तक सभी विस्तारक अपने- अपने शक्ति केंद्र व उसके अंतर्गत आने वाले बूथों में जाएंगे। लोगों से सीधे बातचीत करके केंद्र सरकार की योजनाओं को बताएंगे। योजनाओं का लाभ लाेगों तक पहुंच रहा है या नहीं इसकी पड़ताल भी करेंगे। बुधवार को राजधानी पहुंचे राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने पार्टी के चुनिंदा नेताओं को कार्य विस्तार की जानकारी दी।
भाजयुमो तैयार करेगा डिजिटल आर्मी
भाजयुमो राज्य में डिजिटल आर्मी तैयार करेगी। शक्ति केंद्रों के लिए भेजे जाने वाले भाजपा के विस्तारकों के साथ भाजयुमो के साइबर विस्तारक भी रहेंगे। ये हर बूथ स्तर पर वाट्सएप ग्रुप बनाएंगे और लाेगों को जोड़ेंगे। भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कार्य विस्तार योजना के संबंध में कार्यशाला हुई।
प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी ने कहा कि कार्यकर्ता पूरे उत्साह से उपचुनाव में लड़े। यही वजह है कि तीन-तीन किलोमीटर पर सीएम को सभा करनी पड़ी। यही कार्यकर्ताओं की जीत है। पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने खैरागढ़ विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि नेता- कार्यकर्ता सभी ने पूरी मेहनत की।





