छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे केंद्रीय खाद्य, उद्योग एवं जल शक्ति राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। धान खरीदी के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस उसे 2500 से 2800 रुपए कर रही है। पहले तो रुपए केंद्र ने भेजे हैं, उसका सही इस्तेमाल करे। कहा कि छत्तीसगढ़ को कांग्रेस दिवालिया करने पर आमादा है। राज्य पर कर्ज बढ़ता जा रहा है, लेकिन थाली खाली है। फिलहाल धान बोनस पर दिए उनके बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने भी इस पर पलटवार किया है।
खैरागढ़ के अमलीडीह में BJP उम्मीदवार के समर्थन में हुई सभा के बाद मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र ने जल शक्ति मिशन में 1431 करोड़ रुपए दिए, लेकिन जनता पर उसकी छीटें तक नहीं पड़ी। कहा कि हम तो चौकीदार हैं। कांग्रेस का पाखंड बेनकाब करना यह ज्यादा जरूरी है। पिछले साढ़े 3 सालों में कांग्रेस ने ऐसा कोई भी काम नहीं किया, जिससे हर बार वह यहां वोट मांग पाए। मैं मानता हूं कि राज्य सरकार कि जो विफलता है उस का पैमाना तय होगा।
कांग्रेस ने डरकर खैरागढ़ को जिला बनाने की घोषणा की
खैरागढ़ को नया जिला बनाने की घोषणा के के बारे में केंद्रीय मंत्री ने कहा साढ़े 3 सालों में उन्हें किसने रोका था, यह जवाब उन्हें देना चाहिए। खैरागढ़ को जिला बनना चाहिए, लेकिन कांग्रेस ने भयभीत होकर घोषणा की है। वहीं धान खरीदी को लेकर बोले कि लगता है कि राज्य को दिवालिया करने पर कांग्रेस आमादा है। साथ ही कहा कि वह पार्टी के आभारी हैं जो उनको स्टार प्रचारक बनाकर यहां भेजा गया है। अब उनकी दो सभाएं और होनी हैं।
केंद्रीय खाद्य, उद्योग एवं जल शक्ति राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल BJP प्रत्याशी कोमल जंघेल के पक्ष में जनसंपर्क के लिए दो दिन के चुनावी दौरे पर खैरागढ़ पहुंचे हैं। इस दौरान उनकी 6 जनसभाएं करेंगे। अभी पिपरिया में जनसंपर्क करेंगे और शाम 4 बजे छुईखदान के उदयपुर में आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 7 अप्रैल को सुबह 11 बजे राहुद में जनसभा करेंगे। फिर दोपहर 1 बजे भोरमपुरकला में जनसंपर्क, शाम 4 बजे जलबांधा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह रायपुर पहुंचेंगे।
राजा देवव्रत के अपमान का बदला लेना है
इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे के साथ पार्टी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इससे पहले पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जनता को राजा देवव्रत सिंह के अपमान का बदला लेना है। उनकी मृत्यु पर यहां चुनाव हो रहा है। उन्होंने BJP प्रत्याशी को जिताने की अपील है।
कांग्रेस बोली- केंद्रीय मंत्री का बयान विवादित
कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि केंद्रीय मंत्री का बयान विवादित है। उन्होंने कहा है कि किसानों को 2800 रुपये प्रति क्विंटल धान का मूल्य देकर भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ को दिवालिया बना रहे हैं। पार्टी की ओर से कहा गया कि भाजपा ये सोचती है कि किसानों को ज़्यादा पैसा देना प्रदेश को दिवालिया करना है। इसीलिए डॉ रमन सिंह की सरकार ने किसानों के साथ धोखाधड़ी की। कांग्रेस ने कहा कि 300 रुपये धान बोनस रमन सिंह सरकार ने नहीं दिया। दो साल का बोनस खा गए। किसानों का कर्जा माफ नहीं किया। खाद के दाम बढ़ा दिए। भाजपा कितनी बड़ी किसान विरोधी है ये बात प्रह्लाद पटेल ने कह कर भाजपाई मानसिकता को उजागर कर दिया है
12 अप्रैल काे मतदान, 16 को नतीजे
खैरागढ़ सीट पर मतदान 12 अप्रैल को होना है। 16 अप्रैल को मतगणना और परिणाम जारी होंगे। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के देवव्रत सिंह ने इस सीट पर भाजपा की कोमल जंघेल को केवल 870 वोटों के अंतर से हराया था। नवम्बर 2021 में देवव्रत सिंह का निधन हो गया। इसके बाद से यह सीट खाली है।
यशोदा वर्मा, कोमल जंघेल, नरेंद्र सोनी सहित 10 उम्मीदवार
खैरागढ़ उप चुनाव के लिए कांग्रेस, BJP और JCCJ सहित 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। कांग्रेस ने खैरागढ़ ब्लॉक कांग्रेस की अध्यक्ष यशोदा वर्मा को टिकट दिया गया है। वहीं BJP ने पूर्व विधायक काेमल जंघेल को टिकट दिया है। कोमल पहले भी दो बार खैरागढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 2018 का आम विधानसभा चुनाव वे महज 870 वोटों के अंतर से हारे थे। जबकि JCCJ ने अधिवक्ता और स्व. देवव्रत सिंह के बहनोई नरेंद्र सोनी को उम्मीदवार बनाया है।
Add Comment