छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी शुरू हो गई है। मार्च के आखिरी सप्ताह से सूर्य देवता का ताप बढ़ा है, जिससे अभी राहत की उम्मीद नहीं है। गुरुवार को राजधानी सहित दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री से ऊपर रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 42.5 डिग्री मुंगेली जिले में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। इधर भीषण गर्मी को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन का समय बदल दिया है।
महानदी भवन मंत्रालय से संयुक्त सचिव पीएस ध्रुव के हस्ताक्षर से जारी आदेश के मुताबिक अब आंगनबाडी़ सुबह 7 से 11 बजे तक खुलेंगे। आंगनबाड़ी के संचालन का समय कम करते हुए अब सिर्फ 4 घंटे कर दिया गया है।
आदेश में संयुक्त सचिव ने कहा कि गर्मी अधिक बढ़ने के कारण 1 अप्रैल से 30 जून तक समय में परिवर्तन किया जा रहा है। गर्मी समाप्त होने के बाद 1 जुलाई 2022 से आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुबह 9.30 बजे से शाम 3.30 बजे यानी 6 घंटे के लिए किया जाएगा। वहीं स्कूलों में टीन शेड, पेड़ के नीचे आदि जगहों पर बच्चों को नहीं पढ़ाने का आदेश भी जारी किया गया है।
गर्मी बढ़ते ही सड़कें होने लगी सूनी
सूर्य देवता ने अपना रौद्र रूप दिखना शुरू कर दिया है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में वृद्धि का ट्रेंड बनने की संभावना है। गुरुवार को रायपुर में 41.4, बिलासपुर 41.6, दुर्ग में 41.2, रायगढ़ 42 और बलौदबाजार 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। वनांचल क्षेत्र बस्तर जिले के जगदलपुर में 39.4 और अंबिकापुर में 38.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। शुक्रवार को भी सूर्य देवता का ताप बढ़ता दिखा। गर्मी बढ़ने के साथ ही दोपहर को सड़कें सूनी होने लगी है।
Add Comment