रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा में बुधवार को भाजपा सदस्यों ने जन घोषणा पत्र में स्वास्थ्य कर्मी एवं मितानिनों के सम्बंध में की गई घोषणाओं का मुद्दा उठाया। इस मुद्दे पर मंत्री मो. अकबर ने जवाब दिया, जिसे असंतोषजनक बताते हुए भाजपा सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया।
प्रश्रकाल में आज ने भाजपा विधायक डमरूधर पुजारी ने विभागीय मंत्री से पूछा कि राज्य सरकार द्वारा आत्मसात जन घोषणा पत्र 2018 में स्वास्थ्य, स्वास्थ्य कर्मी व मितानिनों के सम्बंध में क्या-क्या घोषणाएं की गई थी, इनमें कितनी घोषणा पूर्ण और कितनी अपूर्ण हैं तथा अपूर्ण को कब तक पूर्ण किया जाएगा। इसके जवाब पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव की अनुपस्थिति में वनमंत्री मो. अकबर ने देते हुए बताया कि शासन के निर्णय के अनुरूप घोषणाओं को पूर्ण किया जा रहा है।
इस पर नेताप्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि कांग्रेस सरकार को 3 साल पूर्ण हो चुके है लेकिन अब तक घोषणाएं पूर्ण नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने घोषणा की थी जिसे सरकार बनने के बाद घोषणा को राज्य सरकार में समाहित कर लिया गया। उन्होंने कहा कि कब तक घोषणा पूर्ण की जाएगी।
मंत्री मो. अकबर ने इसका जवाब देते हुए कहा कि कुछ घोषणा पूरी कर ली गई है और कुछ घोषणाएं प्रक्रिया में है। इस मुद्दे पर भाजपा सदस्य अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा ने भी मंत्री से प्रश्र किये। अंत: में नेताप्रतिपक्ष ने कहा कि मंत्री घोषणा पत्र का एक भी जवाब नहीं दे रहे है इसलिए हम सभी भाजपा सदस्य मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर बहिर्गमन करते है।
Add Comment