नई दिल्ली: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में करारी हार को लेकर कांग्रेस में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है।
सूत्रों के अनुसार, कल होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इस्तीफा दे सकते हैं। कांग्रेस पार्टी पांच राज्यों में आए विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर चिंतित है।
चुनाव के नतीजों पर मंथन करने के लिए कांग्रेस वर्किंग कमेटी की कल शाम 4 बजे से बैठक होगी। 10 मार्च को जिस दिन चुनाव के नतीजे आए थे उस दिन पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रेसवार्ता में कहा था, 5 राज्यों के नतीजे कांग्रेस पार्टी की उम्मीदों के विपरीत आए हैं। हम मानते हैं कि हम लोगों का आशीर्वाद पाने में नाकाम रहे। सोनिया गांधी ने परिणामों का आत्मनिरीक्षण करने के लिए जल्द ही कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाने का फैसला किया है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर इन 5 राज्यों में कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। 403 विधानसभा वाले राज्य में कांग्रेस को महज दो सीटें हासिल हुई हैं। 70 सीटों वाले उत्तराखंड में 19 सीटें कांग्रेस ने जीती हैं।
वहीं 40 विधानसभाव सीटों वाले तटीय राज्य गोवा में 11 सीटें जीती हैं और मणिपुर में उसे 5 सीटों पर संतोष करना पड़ा है, जहां 60 विधानसभा सीटें हैं। जबकि 117 सीटों वाले पंजाब में जहां कांग्रेस की सरकार थी वहां पार्टी को महज 18 सीटें ही मिली हैं।
बता दें कि बीते शुक्रवार की शाम को मनीष तिवारी और कपिल सिब्बल दिल्ली में गुलाम नबी आजाद के आवास पर पहुंचे थे, इसकी भी तस्वीरें सामने आई थीं। कांग्रेस लगातार अपना जनाधार खोते जा रही है। अन्य विपक्षी दल भी कांग्रेस पर ताना कसने लगे हैं।
तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और बंगाल सीएम ममता बनर्जी ने कांग्रेस को लेकर कहा है कि वह अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है। हम उसपर निर्भर नहीं हो सकते।
Add Comment