
बीजापुर। जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र से नक्सलियों ने 4 युवकों का अपहरण कर लिया है। इनमें से एक युवक की हत्या कर शव सड़क पर फेंक दिया। अपहृत 3 युवकों का कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं बासागुड़ा पुलिस ने एक नक्सली को गिरफ्तार किया है। इसी प्रकार दरभा थाना क्षेत्र के एलंगनार में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक महिला नक्सली को मार गिराया है।
युवक मासा ताती एवं एक अन्य ग्रामीण का नक्सलियों ने दो दिन पूर्व अपहरण कर लिया। नक्सलियों ने शुक्रवार की रात अपहृत मासा ताती की हत्या कर दी, जबकि दूसरे युवक के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शव के समीप नक्सलियों ने हत्या के कारण संबंधित कोई परचा नहीं छोड़ा है। इधर, गंगालूर थाना क्षेत्र के पुसनार गांव से भी नक्सली दो लोगों को बंधक बनाकर ले गए हैं।
गंगालूर थाना क्षेत्र के पालनार निवासी मासा ताती एवं एक अन्य ग्रामीण को नक्सली दो दिन पहले गांव से अगवाकर ले गए थे। शनिवार सुबह मासा की लाश गांव के बाहर मुख्य सड़क पर पड़ी मिली। बताया गया है कि मासा पहले जेसीसी का कार्यकर्ता था लेकिन कई दिनों पहले उसने पार्टी छोड़ दी थी। मासा की हत्या का कारण अज्ञात है। दूसरे युवक के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों के मुताबिक इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल है।
इधर, गंगालूर थाना क्षेत्र के ही पुसनार गांव से भी दो लोगों को नक्सली बंधक बनाकर ले गए हैं। इस घटना की पुष्टि एसपी मोहित गर्ग ने की है।
उल्लेखनीय है कि चुनाव से पहले नक्सलियों ने गंगालूर के बद्देपारा से दो ग्रामीणों को अगवा किया था और इनमें से एक ग्रामीण लमड़ी की मुखबिरी के शक में हत्या कर, दूसरे को मारपीट कर रिहा कर दिया था।
एक नक्सली गिरफ्तार
जिले की थाना बासागुड़ा पुलिस ने दबिश देकर एक नक्सली ओयम मासा को गिरफ्तार किया है। बासागुड़ा थाने से निरीक्षक सुरेन्द्र यादव व जिलाबज व केरिपु का संयुक्त बल माओवादी सर्चिंग व फरार आरोपियों के पता तलाश के लिए लिंगागिरी, कारेसागुड़ा की ओर रवाना हुए थे। मुखबिर की सूचना के आधर पर ग्राम ङ्क्षलंगागिरी व कोरसागुड़ा केे मध्य जंगल में माओवादी अपराध में फरार आरोपी ओयम मासा को पकड़ा गया।
मुठभेड़ में महिला नक्सली ढेर
दरभा थाना क्षेत्र के एलंगनार में पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक महिला को मार गिराया, जिसका शव बरामद कर लिया गया है।
बस्तर एसपी डी श्रवण ने बताया कि दरभा थाने से डीआरजी की एक टुकड़ी ग्राम एलंगनार इलाके की ओर सर्चिंग के लिए रवाना की गई थी। जवान जब जंगलों से गुजर रहे थे, वहां घात लगाए माओवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी।
जवानों ने भी मोर्चा संभालकर जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर की मुठभेड़ के बाद माओवादी भाग खड़े हुए। मुठभेड़ के बाद तलाशी के दौरान घटनास्थल से एक महिला माओवादी का शव बरामद किया गया है, जिसकी शिनाख्त की जा रही है। मौके से भरमार बंदूक एवं रोजमर्रा की जरूरतों के सामान जब्त किए गए हैं।
यह भी देखें : जनवरी से मार्च तक नहीं होगी कोई शादी…योगी सरकार का बड़ा फैसला…