कोरबा के लैंको पावर प्लांट में शुक्रवार सुबह एक कर्मचारी की अचानक मौत हो गई है। जिसके बाद यहां काम कर रहे कर्मचारियों ने पहले तो हंगामा कर दिया। बाद में वे मुआवजे की मांग को लेकर काम बंद कर हड़ताल पर चले गए हैं।
बताया जा रहा है कि कर्मचारी प्लांट के अंदर 18 फीट ऊपर किसी जगह पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। आस-पास के कर्मचारियों ने उसे अचेत अवस्था में पड़ा हुआ देखा था। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। मगर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित तर दिया। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक कोथरी निवासी दुर्गेश कुमार धैर्य(45) प्लांट में प्री.सी.सी इंजीनियरिंग लिमिटेड कंपनी में काम करता था। ये कंपनी यहां पावर प्लांट में मैंटेनेंस का काम करती है।
वो गुरुवार रात को ड्यूटी के लिए प्लांट आया था। उसने यहां रातभर ड्यूटी की। मगर सुबह 7.30 बजे से 8 बजे की बीच उसकी मौत की खबर सामने आ गई।
उसके साथ में काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया हम सब काम कर रहे थे। रात की शिफ्ट खत्म कर सुबह 9 बजे घर जाने की तैयारी में थे। इस बीच हमें ऊपर से किसी ने खबर दी की दुर्गेश ऊपर ही अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने कह दिया कि अस्पताल में पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी है।
परिवार के सदस्य के लिए नौकरी की मांग
घटना के बाद ही कर्मचारी नाराज हो गए। उन्होंने पहले तो जहां पर घटना हुई। वहां पर प्रबंधन और कंपनी के खिलाफ खूब नारेबाजी की। फिर कहने लगे कि परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा दिया जाए। साथ ही उसके परिवार के किसी एक सदस्य को नौकरी भी दी जाए।
कर्मचारियों ने अब साफ कह दिया है कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, अब वह तब तक काम नहीं करेंगे। उन्होंने ये भी कहा है कि यदि मांगों को कंपनी नहीं सुनती है तो रोड में चक्काजाम भी किया जाएगा।
मौत के असल कारणों का अब तक पता नहीं
इधर, पुलिस को भी इस घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने अब शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। कर्मचारी की मौत किसी वजह से हुई है। ये अभी साफ नहीं हो सका है। कुछ कर्मचारियों का कहना है कि दुर्गेश को चक्कर आया था।
कुछ का कहना है कि मैंटेनेंस के दौरान किसी गैस का रिसाव हुआ है। जिसके चलते उसकी जान गई है। फिलहाल पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा। वहीं प्रबंधन और कर्मचारी की तरफ से भी अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है।
Add Comment