राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को घना कोहरा छाए रहने से कई जगहों पर विजिबिलिटी घट कर 50 मीटर हो गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में इस सीजन के दौरान शुक्रवार को दिन में सबसे लंबे समय तक कोहरा छाया रहा. धूप नहीं होने से राजधानी का इलाका पूरा दिन ठंड की चपेट में रहा.
मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक दिल्ली में घना से मध्यम कोहरा छाने का पूर्वानुमान लगाया है. घने कोहरे के कारण सफदरजंग और पालम में विजिबिलिटी कम होकर 50 मीटर रह गई. शून्य से 50 मीटर के बीच विजिबिलिटी होने पर कोहरे को बेहद घना माना जाता है. विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम, 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान के 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिम उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में शीतलहर की संभावना है. वहीं अगले दो दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में ठंड की स्थिति बनी रहेगी. इस दौरान, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, राजस्थान, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में रात/ सुबह के घंटों में अलग-अलग स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
पंजाब और हरियाणा में बढ़ी ठंड
वहीं हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में भी शुक्रवार को ठंड में बढ़ोतरी हुई. हरियाणा का हिसार कड़ाके की सर्दी की चपेट में है, जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा के सिरसा में भी सर्द रात रही और यहां का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि गुड़गांव में भी पारा 7.5 डिग्री तक लुढ़क गया.
पंजाब के बठिंडा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और यहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया है जबकि अमृतसर में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री रहा. राज्य के गुरदासपुर में भी रात सर्द रही और यहां का न्यूनतम तापमान 5.2 दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार जालंधर, मोगा और लुधियाना में भी न्यूनतम तापमान क्रमश: 8.6, 5.9 और 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट
कश्मीर में भीषण ठंड के कहर के बीच अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात घाटी के अधिकतर इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई. सिर्फ उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग रिज़ॉर्ट में न्यूनतम तापमान एक दिन पहले के मुकाबले तापमान अधिक दर्ज किया गया. वहां, तापमान शून्य से 10.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले वहां तापमान माइनस 11.0 डिग्री सेल्सियस था. गुलमर्ग में लगातार छह दिन से न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे या उससे भी कम है.
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में सर्दी का कहर जारी है. चित्तौड़गढ़ में गुरुवार रात सबसे कम न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, बीती रात राज्य के करौली में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 3.0 डिग्री, अंता में 3.4 डिग्री, सीकर में 4.0 डिग्री, सेल्सियस दर्ज किया गया.मवहीं राजधानी जयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया.
Add Comment