भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम ने कहा जिस तरह से प्रधानमंत्री के काफिले और सुरक्षा में सीमाप्रदेश पंजाब में चूक हुआ है वो केवल पंजाब और पंजाबियत ही नहीं बल्कि पूरे देश को कलंकित करने वाला प्रयास है। इस घटना ने पूरे 130 करोड़ देशवासियों को शर्मसार किया है।
इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दिए बयान को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा नेता ने कहा है कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इतने नीचे स्तर के बयान की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री जैसे गरिमामयी पद पर बैठे व्यक्ति को प्रधानमंत्री की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति चमकाना जैसे बचकाना बयान देने से अपने आलाकमान की चाटुकारिता की पराकाष्ठा ही दिखाई पड़ती है। उन्होंने भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या मुख्यमंत्री को यह नहीं मालूम है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा, यातायात और रोड क्लियरेंस का जिम्मा प्रदेश सरकार का होता है।
कांग्रेस के कुछ छूटभैय्ये नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री की रैली में खाली कुर्सियां दिखाए जाने पर भी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उस दिन के अनेक वीडियो अब सार्वजनिक हो रहे है जिसमे स्पष्ट तौर पर दिख रहा है कि कैसे पंजाब की पुलिस प्रदर्शनकारियों के साथ मिलकर पंजाब के लोगों को रैली में आने से रोक रही है, बसों को घेरकर लोगों को डराया धमकाया जा रहा है। विपक्ष की आवाज को रोकने का ऐसा अलोकतांत्रिक प्रयास केवल कांग्रेस की सरकारों द्वारा ही किया जा सकता है। पंजाब में देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा में की गई सुनियोजित साजिश के लिए कांग्रेस के मुख्यमंत्री को एक मिनट भी पद पर रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।
Add Comment