
रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सोमवार को शिवरीनारायण में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को हटाने का कार्य किया है। कांग्रेस पार्टी नक्सलियों को क्रांतिकारी कहती है। 15 साल पहले कांग्रेस के शासनकाल में छत्तीसगढ़ में बिजली की कमी थी।
भाजपा शासनकाल में 24 घण्टे बिजली रहती है, जबसे भाजपा की सरकार बनी है गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों के लिए बहुत सी योजनाएं बनी है। गरीबों को घर और उनके घर चूल्हा जले इसकी चिंता भाजपा की सरकार ने की है।
माताओं,बहनों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए भाजपा सरकार ने देश मे 4.5 करोड़ माताओं और बहनों को मुफ्त में गैस सिलेंडर देने का कार्य किया है। गरीबों को घर देने का कार्य किया है। 2 करोड़ से ज्यादा लोगों के घर में बिजली पहुंचाई है।
श्री शाह ने कहा कि 15 वर्ष पूर्व छत्तीसगढ़ बीमारू राज्य माना जाता था। डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में निरंतर विकास के कार्य हुए हैं। भाजपा सरकार ने 1 रुपये किलो में चावल देने का कार्य किया है, तेंदूपत्ता और धान पर बोनस देने का कार्य किया है।
कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल बाबा छत्तीसगढ़ में घूम रहे हैं। उनके भाषण में छत्तीसगढ़ का नाम नहीं होता, उनके भाषण में मोदीजी का नाम होता है। कई बार लगता है राहुल बाबा मेरी पार्टी का प्रचार कर रहे है या अपनी पार्टी का।
श्री शाह ने कहा कि देश में 19 राज्यों में भाजपा के कार्यकर्ता अपनी सेवा दे रहे हैं, देश के 70 प्रतिशत भू-भाग में भाजपा की सरकार है। राज्य और केंद्र दोनों में भाजपा की सरकार है। डॉ. रमन सिंह और मोदीजी के नेतृत्व वाली दो इंजन वाली गाड़ी छत्तीसगढ़ को समृद्ध बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
उन्होंने जनता से आव्हान करते हुए कहा कि महानदी के तट पर शिवरीनारायण की पुण्य धरा पर पामगढ़ के भाजपा प्रत्याशी अम्बेश जांगड़े को आशीर्वाद दीजिए और डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में चौथी बार भाजपा सरकार बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दीजिए।
यह भी देखें : प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर बोले शेरगिल…कानूनी पक्षों की कर रहे हैं जांच…जनता मतदान करके भाजपा को देगी जवाब…





