नई दिल्ली: घर से भागकर कथित रूप से शादी करने पर एक लड़के का प्राइवेट पार्ट काटने की बर्बर घटना सामने आई है। आरोप लड़की के परिजनों पर है, जो पीड़ित लड़के को अपनी बेटी के साथ राजौरी गार्डन थाने के सामने से बुधवार शाम सरेआम उठाकर ले गए। पीड़ित लड़का और लड़की दोनों अपनी जान खतरे में देखकर थाने में पुलिस से सुरक्षा मांगने आए थे। पीड़ित लड़के के परिजनों का आरोप है कि थाने से ही पुलिस ने लड़की वालों को फोन कर जानकारी दे दी। इसके बाद लड़की वाले थाने के बाहर ही घात लगाकर बैठ गए। फिर जैसे ही लड़का-लड़की थाने से बाहर निकले, वे दोनों को उठाकर ले गए।
शाम करीब 5 बजे राजौरी गार्डन थाने पहुंचे थे
गंभीर रूप से घायल लड़के को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। पीड़ित के परिजनों ने बताया कि उनका परिवार राजौरी गार्डन टीसी कैंप में रहता है और सागरपुर में रहने वाली रोशनी (बदला हुआ नाम) एक-दूसरे से प्यार करते हैं। दोनों 15-20 दिन पहले घर से चले गए थे और शादी कर ली। इसके बाद इन्हें अपनी जान को खतरा लगा तो दोनों बुधवार शाम करीब 5 बजे राजौरी गार्डन थाने पहुंचे। वहां दोनों अपनी जान बचाने के लिए पुलिस प्रोटेक्शन मांगने गए थे।
खून से लथपथ हालत में सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया
परिजनों का आरोप है कि यहां से लड़की के घरवालों को भी इस बात की सूचना दे दी गई कि तुम्हारी लड़की और लड़का थाने में हैं। आरोप है कि पुलिस से उन्हें सुरक्षा तो नहीं मिली, उल्टे जब वे थाने से बाहर निकले तो रोशनी के परिजन दोनों का अपहरण कर सागरपुर ले गए। वहां सूरज की ना केवल बेरहमी से पिटाई की गई, बल्कि उसका प्राइवेट पार्ट तक काट दिया गया। खून से लथपथ हालत में सूरज को सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसकी जिंदगी खतरे में है।
पुलिस ने आरोपों को नकारा
दूसरी ओर, इस मामले में वेस्ट दिल्ली के अडिशनल डीसीपी प्रशांत गौतम का कहना है कि इस मामले में पुलिस को गुरुवार को सफदरजंग हॉस्पिटल से सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि पुलिस तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि लड़का-लड़की दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। इन्होंने कथित रूप से शादी कर ली थी। पीड़ित लड़का टीसी कैंप राजौरी गार्डन और लड़की सागरपुर इलाके की रहने वाली है। दोनों बुधवार को दिल्ली आए थे।
हत्या का प्रयास और अपहरण के तहत मामला दर्ज
अडिशनल डीसीपी ने लड़के वालों के इस आरोप को गलत ठहराया है, जिसमें उन्होंने इस जोड़े के बारे में पुलिस द्वारा लड़की वालों को जानकारी देने का दावा किया था। पुलिस ने इस बात से साफ इनकार करते हुए कहा कि यह जानकारी पुलिस ने नहीं दी, बल्कि लड़की वालों को अन्य किसी तरह से इस बारे में पता लगा। वे दोनों को जबर्दस्ती उठाकर सागरपुर इलाके में ले गए। इस मामले में हत्या का प्रयास और अपहरण के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। लड़की के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
Add Comment