छत्तीसगढ़ में धान की सरकारी खरीदी बुधवार से शुरू हो रही है। प्रदेश भर में सरकार ने इसके लिए 2 हजार 399 केंद्र बनाए हैं। यहां 23 लाख से अधिक किसानों को अपना धान बेचना है। इस बीच बारदानों का संकट बना हुआ है। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने भाजपा और केंद्र सरकार पर साजिश का आरोप लगाया है।
चुनाव समिति की बैठक के लिए राजीव भवन पहुंचे कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा- केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को प्रभावित करने की साजिश कर रही है। इसकी वजह से हमने पुराने बारदानों में भी धान खरीदने का निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ को 5 लाख गठान बारदाना की जरूरत है। केंद्र सरकार से अभी एक लाख गठान बारदाना भी नहीं मिल पाया है।
कृषि मंत्री ने कहा- इसके बावजूद हमने खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली हैं। टोकन बांट दिए गए हैं। हम सभी केंद्रों में नए और पुराने बारदानों में खरीदी करेंगे। राइस मिलों, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों से पुराने बारदाने लिए गए हैं। किसान भी अगर पुराने बारदाने में धान लाता है ताे उसे भी लिया जाएगा।
कृषि मंत्री ने दावा किया कि खरीदी में कहीं भी कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। धान खरीदी को लेकर किसानों में जबरदस्त उत्साह है। यह सबसे बड़ा उत्सव होने वाला है। इस साल सरकार 105 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने वाली है। यह अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड होगा।
Add Comment