छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गर्लफ्रेंड से मिलने नहीं देने पर युवक ने उसकी मां को मुक्का मार दिया। घर के दरवाजे को लात मारकर अंदर घुसे युवक को गाली-गलौज करने से मना करने पर वह इतना आक्रोशित हुआ कि महिला को दांत से भी कांट दिया।
अपनी मां को बचाने आई युवती को भी युवक ने पीट दिया। युवक की पिटाई से मां-बेटी को चोटें आई है। यह पूरी घटना रविवार रात की है। महिला की शिकायत पर आजाद चौक पुलिस ने केस दर्ज किया है। वहीं अपराध पंजीबद्ध होने के बाद से आरोपी फरार है। यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है।
आजाद चौक थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र की 45 वर्षीय महिला रात को शिकायत करने आई थी। महिला ने बताया कि उसकी बेटी के दोस्त बजरंग नगर निवासी अंकित मिश्रा रविवार की रात घर के दरवाजे को लात से मारते हुए अंदर घुसा। उस समय महिला खाना बना रही थी।
बेटी से मिलने नहीं देने की बात कहकर अंकित विवाद और गालीगलौज करने लगा। महिला ने उसे गाली देने से रोका तो वह आक्रोशित हो गया। अंकित महिला को थप्पड़ व मुक्के से महिला को मारने लगा।
महिला ने बताया कि अंकित ने दांतों से महिला के बाएं हाथ को काट दिया, जिससे खून भी निकल आया। शिकायत पर अंकित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
Add Comment