
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर नगर निगम के पार्षद धनसिंह नायक अपनी मांगों को लेकर साइकिल से रायपुर के लिए रवाना हुए हैं। वे लगभग 300 किमी का सफर तय कर राज्यपाल अनुसुइया उइके से मुलाकात करेंगे।
जगदलपुर नगर निगम में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्यमंत्री निवास के बाहर धरने पर भी बैठेंगे। बताया जा रहा है कि पिछले 6 महीने में दूसरी बार वे साइकिल से राजधानी रायपुर जा रहे हैं।
जवाहर नगर वार्ड के BJP पार्षद धनसिंह नायक ने कहा कि, जनहित के मुद्दे, वीड हार्वेस्टिंग खरीदी में भ्रष्टाचार की जांच, डस्टबिन खरीदी घोटाला की जांच और वार्ड के विकास की मांग को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन दूंगा।
वार्ड की समस्या को लेकर पिछले 2 दिनों से जगदलपुर में ही धरने पर बैठा हुआ था, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इसलिए रायपुर जाने का निर्णय लिया। उन्होंने नगर निगम की महापौर सफिरा साहू पर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने वे किसी तरह की कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही हैं। शहर की जनता के साथ अन्याय किया जा रहा है।
सदन के अंदर चलती है बहुमत की दादागिरी- संजय
नेता प्रतिपक्ष संजय पांडे ने कहा कि, सदन के अंदर बहुमत की दादागिरी चलती है। नगर निगम में जहां-जहां भाजपा के पार्षद हैं उन वार्डों के कार्य को या तो स्वीकृत नहीं कर रहे हैं या काम जो होना है उसे जबरन धीमी गति से किया जा रहा है।
जिससे सभी परेशान हैं। भाजपा वार्डों में विकास मे सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। दलपत सागर की चकाचौंध ने नगर निगम के मूलभूत कार्य को नजर अंदाज कर दिया है। पानी, बिजली, सड़क, सफाई सब चौपट है। इसी वजह से भाजपा पार्षद को जनता के हित में साइकिल से रायपुर जाना पड़ रहा है।