छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल पर 1 और डीजल पर 2 प्रतिशत वैट कम करने का फैसला लिया है। अब बाजार भाव के हिसाब से बात की जाए तो पेट्रोल के दाम पर 70 से 90 पैसे और डीजल के दाम में लगभग डेढ़ रुपए कम होंगे। इसे कांग्रेस बड़ी राहत बता रही है। दूसरी तरफ प्रदेश का प्रमुख विपक्षी दल BJP इसे जनता के साथ छलवा करार दे रहा है।
सोमवार को जब कैबिनेट बैठक में सरकार ने पेट्रोल और डीजल के रेट कम करने का एलान किया तो सड़कों पर कांग्रेसी खुशी मनाने लगे। रायपुर के जीई रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल करीब 90 पैसा और डीजल डेढ़ रुपए सस्ता किए जाने के प्रदेश सरकार के फैसले से विधायक विकास उपाध्याय बेहद खुश नजर आए। उन्होंने लोगों के बीच जाकर मिठाई बांटी। सभी को गुलाल का तिलक लगाकर बधाई दी। इस फैसले को महंगाई के बीच जनता को राहत देने वाला फैसला बताया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष साय ने इसे लेकर अपना बयान जारी किया। साय ने कहा- मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखाकर प्रदेश की जनता के साथ गन्दा मजाक करने वाली भूपेश सरकार, पेट्रोल-डीजल में छूट देकर जो बड़ा एहसान किया है उसका कर्ज जनता आपको 2023 में सूद समेत चुकायेगी। पेट्रोल और डीजल के दाम में की गई मामूली कमी को प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और भाजपा संगठन ने खोदा पहाड़ निकली चुहिया की तरह बताया। कौशिक ने कहा कि लोग बड़ी राहत की उम्मीद कर रहे थे।
Add Comment