निकाय चुनाव का रंग अब शहर ही नहीं नेता और राजनेताओं पर दिखने लगा है। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार शाम चार बजे दुर्ग जिला पहुंचकर भिलाई के कई रास्तों से होकर पैदल मार्च करेंगे। मुख्यमंत्री के पैदल मार्च को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तय समय पर रूट को आम जनता के लिए बंद कर दिया है।
उन रास्तों से होकर जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए रूट्स को डायवर्ट किया है। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए रायपुर-नागपुर नेशनल हाइवे को भी 15 मिनट के लिए बंद कर दिया जाएगा।
सीएम के कार्यक्रम के लिए जारी प्रोटोकॉल के मुताबिक 14 नवंबर को सुबह 10.50 बजे मुख्यमंत्री अपने रायपुर निवास से निकलेंगे। इसके बाद कार से वे 11 बजे पं. दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायपुर जाएंगे।
वहां से 12 बजे फिर से मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। यहां लगभग 3 घंटे रुकने के बाद वह साढ़े तीन बजे सीएम हाउस से कार मार्ग से निकलकर 4 बजे भिलाई पहुंचेंगे। यहां पदयात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सीएम की पदयात्रा पोट्टी श्रीरामुलु चौक से होते हुए सुभाष चौक, भगत सिंह, भारत माता चौक, गांधी चौक, लिंक रोड, फल मंडी रोड से नेशनल हाइवे होते हुए लाल मैदान पहुंचेगी। यहां शाम 5-6 बजे तक मुख्यमंत्री आमसभा को संबोधित करेंगे।
इसके बाद वह शाम 6 बजे भिलाई से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, नवा रायपुर के लिए रवाना होंगे। यहां से शाम 7.30 बजे वह मुख्यमंत्री निवास रायपुर के लिए रवाना होंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की इस पद यात्रा में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू भी शामिल होंगे।
कांग्रेसी नेताओं में आगे रहने की होड़
सीएम की पदयात्रा को कहीं न कहीं भिलाई नगर निगम चुनाव से जोड़ा जा रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि इस पद यात्रा में जो कांग्रेसी नेता सीएम के साथ आगे दिखेंगे उन्हीं को पार्षद की टिकट मिलेगी। टिकट न मिलने वाले कांग्रेस नेताओं को पीछे रखा जाएगा।
इसके चलते पार्षद टिकट के दावेदार कांग्रेसी नेता अपनी पूरी ताकत इस पद यात्रा में झोंक रहे हैं, जिससे कि उन्हें सीएम के साथ दिखने वाले चेहरों में शामिल किया जाएगा। भिलाई, रिसाली और चरौदा में इसी महीने के अंत में या दिसंबर के पहले सप्ताह में नगरीय निकाय चुनाव होने हैं। ऐसा माना जा रहा है कि यह पदयात्रा उस चुनाव के प्रचार अभियान की शुरूआत है।
Add Comment