भाजपा से राज्यसभा सांसद और भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य सरोज पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। गुरुवार दोपहर दुर्ग स्थित घर में गिरने की वजह से उनके पैर और कमर में गंभीर चोट आई है। उन्हें भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल के आईसीयू में रखा गया था। वहां से उन्हें ग्रीन कॉरीडोर बनाकर रायपुर एम्स में दाखिल कराया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसके निर्देश दिए थे।
बताया जा रहा है, भाजपा सांसद सरोज पाण्डेय अपने दुर्ग के मैत्रीय नगर स्थित घर पर ही फिसलकर गिर पड़ीं। परिजनों ने उन्हें भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी स्थिति गंभीर है। सेक्टर-9 अस्पताल की आईसीयू में उन्हें भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें राजधानी रायपुर ले जाने की सलाह दी। इसकी जानकारी होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर लाने के निर्देश दिए। इसके लिए सेक्टर-9 भिलाई से रायपुर तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।
डीएसपी गुरजीत सिंह ने आनन-फानन में ग्रीन कॉरिडोर बनवाया। उसके बाद सरोज पाण्डेय को एम्बुलेंस से रायपुर लाया गया है। एम्स में डॉक्टरों की टीम उनकी चोटों की जांच की। बाद में डॉक्टरों ने बताया, सरोज पाण्डेय की हालत अभी स्थिर है। उनके कुल्हे के पास की हड्डी टूट गई है। कुछ और चोटे हैं। फिलहाल हड्डी रोग विभाग के प्रमुख डॉ. आलोक अग्रवाल की देखरेख में उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। सांसद के साथ उनके भाई राकेश पाण्डेय, भाभी चारुलता और दूसरे परिजन मौजूद हैं। वहीं रायपुर के भाजपा नेता भी एम्स पहुंचने लगे हैं।
राज्यसभा चुनाव के समय भी लगी थी चोट
12 मार्च 2018 को भी सरोज पाण्डेय सीढ़ियों से फिसलकर गिर पड़ी थीं। उनके पैर और हाथ में गंभीर चोट आई थी। उस समय वे भाजपा की राज्यसभा उम्मीदवार थीं। उस दिन सरोज अपनी मां को देखने सेक्टर-9 अस्पताल पहुंची थीं। वहां से लौटते समय वे सीढ़ियों से फिसलकर गिर पड़ी थीं। वे राज्यसभा के लिए अपना नामांकन करने भी व्हील चेयर पर पहुंची थीं।
Add Comment