छत्तीसगढ़ के कवर्धा में विवाद के बीच मंत्री मोहम्मद अकबर ने रायपुर में मीडिया से चर्चा में कहा कि कवर्धा ऐसा शहर नहीं है। वहां के लोग मिलकर रहते हैं और शांत माहौल है। भाजपा नेताओं को शासन की तरफ से पीड़ितों से मुलाकात की अनुमति दी गई है। अकबर ने कहा कि मैंने पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात की थी। उन्होंने भी कहा कि भाजपा नेताओं को पीड़ित परिवार से मुलाकात करने दिया जाए। मंत्री अकबर का यह बयान बुधवार को 12 बजे के बाद आया, लेकिन दोपहर में जब भाजपा नेता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे तो प्रशासन ने कर्फ्यू का हवाला देकर उनको मिलने से रोक दिया।
कवर्धा जल रहा है और सीएम नेतागीरी करने जा रहे उत्तर प्रदेश: कौशिक
कवर्धा में कर्फ्यू के बाद पीड़ित परिवार से मिलने रायपुर से रवाना होने से पहले नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने मीडिया से चर्चा में सरकार के आरोपों को खारिज किया। कौशिक ने कहा कि उनकी जानकारी में भाजपा का कोई कार्यकर्ता दूसरे जिलों से कवर्धा नहीं गया है। वे लोग कवर्धा जा रहे हैं, वहां पीड़ित परिवारों से बातचीत करेंगे। हम यह जानने की कोशिश करेंगे कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। ऐसी परिस्थिति कितने दिनों से बन रही थी। छत्तीसगढ़ के लिए यह बड़ी घटना है। जिस प्रकार से यह घटना हुई है, उसका आकलन करने के लिए वहां जाना जरूरी है।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कवर्धा जल रहा है और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नेतागीरी करने बाहर जा रहे हैं। प्रदेश के गृह मंत्री मौनी बाबा बन गए हैं। इनको अपने प्रदेश और जिले की चिंता नहीं है। ऐसी स्थिति में हमको जाकर स्वयं आकलन करना चाहिए। शांति व्यवस्था स्थापित करने की बातचीत करनी चाहिए। एक सवाल के जवाब में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा अवसर की राजनीति नहीं करती। भगवान की दया से 15 साल तक उनको सत्ता में रहने का अवसर मिला था और आगे भी मिलेगा। जिनको ले देकर अवसर मिल गया है, वह इसकी चिंता करें।
Add Comment