ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल को बड़ी जिम्मेदारी दी है। बघेल को आगामी चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियों ने कमर कस ली है। इस बार कांग्रेस भी पूरे दम-खम से यूपी में उतर रही है। यूपी चुनाव कांग्रेस इस बार प्रियंका गांधी के नेतृत्व में मैदान में उतर रही है।
प्रियंका गांधी ने बूथ लेवल से लेकर पार्टी लेवल पर चुनाव के लिए जिम्मेदारियां देनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इस नई जिम्मेदारी के मिलने पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा- ”पार्टी ने विश्वास व्यक्त किया उसके लिए धन्यवाद। एक बड़ी ज़िम्मेदारी दी है, मैं सोनिया, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।”
ध्यान देने वाली बात है कि छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के सीएम के फार्मूले को लेकर काफी समय से चर्चा चल रही है। न केवल चर्चा चल रही है बल्कि इसे लेकर खींचतान भी जारी है। इसी बीच एक बार फिर विधायकों के दिल्ली जाने का सिससिला शुरू हो गया है।
माना जा रहा है कि पंजाब के बाद छत्तीसगढ़ और राजस्थान में आगामी चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने की तैयारी है। विधायकों के दिल्ली जाने की बात पर शनिवार को सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि मीडिया इसके पीछे क्यों पड़ी है।
विधायकद तो आते-जाते रहते हैं। कोई राजनीतिक घटनाक्रम हुआ क्या? गए हैं तो आ जाएंगे। हर व्यक्ति स्वतंत्र है। कोई आदमी आए-जाए, जब कोई राजनीतिक घटनाक्रम हो तब इसे जोड़ा जाना चाहिए।
Add Comment