बंगाल की खाड़ी में मानसून सिस्टम फिर से प्रबल हो रहा है, साथ ही मंगलवार से प्रदेश में पश्चिमी हवा भी प्रबल हो गई है। इसके प्रभाव से ही 26 अगस्त को बस्तर क्षेत्र में अच्छी बारिश के आसार है। इसके साथ ही 27 से 31 अगस्त के बीच प्रदेश भर में व्यापक बारिश होने के आसार बने हुए है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मानसून एक बार फिर से सक्रिय होने लगा है। इसके प्रभाव से ही अब अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
मंगलवार सुबह से ही राजधानी रायपुर सहित प्रदेश में बादल छाने के साथ ही धूप-छांव चलता रहा। इन दिनों विभिन्न क्षेत्रों में खंड वर्षा के रूप में हो रही है। मंगलवार दोपहर को राजधानी रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। इससे मौसम थोड़ा खुशनुमा भी रहा। दोपहर बाद भी बादल छाए रहे। सोमवार की अपेक्षा रायपुर के अधिकतम तापमान में गिरावट रही और रायपुर का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 25.4डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस साल प्रदेश में मानसून समय से पांच दिन पहले आने के बाद भी मानसून की बेरुखी के चलते अभी तक प्रदेश के जलाशय आधे से अधिक ही भर पाए है।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका बीकानेर, भिवानी, उसके बाद पूर्व-उत्तर-पूर्व की ओर हिमालय की तराई में स्थित है। इसके साथ ही प्रदेश में पश्चिमी हवा प्रबल हो गई है। उन्होंने बताया कि इसके प्रभाव से ही 25 अगस्त बुधवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।
Add Comment