जिस चेहरे के दम पर भाजपा ने छत्तीसगढ़ में 15 साल राज किया और जो चेहरा पार्टी की पहचान बना रहा… क्या अब वो चेहरा भाजपा के लिए अगले चुनाव में बदल सकता है? जी हां कुछ यही संकेत दिया है भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने… अंबिकापुर दौरे पर आए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय से जब रमन सिंह के चेहरे पर चुनाव लड़ने को लेकर सवाल हुआ, तो उन्होंने साफ कहा कि किसके चेहरे को आगे रखकर चुनाव लड़ेंगे ये समय तय करेगा।
उन्होंने कहा कि फिलहाल हमारा मुख्य मुद्दा 2023 का चुनाव जीतना है। प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री के सवाल पर विष्णुदेव साय ने कहा कि कई प्रदेशों में भाजपा ने आदिवासी मुख्यमंत्री बनाए हैं। उनके इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से पार्टी के भीतर और बाहर प्रदेश में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सियासी सरगर्मियां खूब बढ़ी हैं।
इसे खुद पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने हवा दी थी, जब उन्होंने रायपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये कहा था कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के कई चेहरे हैं, उन्हीं में एक छोटा सा चेहरा उनका भी है।
Add Comment