छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से बढ़़ रही संक्रमण की रफ्तार शुक्रवार को राहत का गाेता लगा गई। प्रदेश भर में केवल 77 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं 163 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। इस बीच किसी मरीज की जान नहीं गई। यह लगातार दूसरा दिन है जब किसी मरीज की मौत नहीं हुई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से देर रात जारी बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार को दिन भर में कोरोना के 40 हजार 98 नमूनों की जांच हुई है। इस दौरान 77 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। यह अगस्त के 13 दिनों में मरीजों की दूसरी सबसे कम संख्या है। 8 अगस्त को सबसे कम 76 मरीज मिले थे। शुक्रवार को किसी मरीज के निधन की खबर नहीं आई। इस साल ऐसा पहली बार हुआ है जब लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमण से मौत नहीं हुई हो। इस साल 12 अगस्त, 9 अगस्त और 29 जुलाई को भी किसी की मौत नहीं हुई थी, लेकिन यह शून्यता लगातार कायम नहीं रह पाई थी। 29 जुलाई को शून्य मौत के अगले दिन यानी 30 को 3 मरीजों की मौत हुई थी। वहीं 9 अगस्त के तुरंत बाद 4 मौतों की खबर आई थी। लगातार दूसरे दिन मौत के मामले में शून्य रिपोर्ट ने हालात बेहतर होने की उम्मीद बंधाई है। डॉक्टरों का कहना है, इस स्टेज में हमें अधिक सावधान रहना हाेगा। भीड़भाड़ से बचकर, शारीरिक दूरी, मास्क और सेनिटाइजर का इस्तेमाल कर महामारी के प्रसार को रोका जा सकता है।
बस्तर में अभी सबसे अधिक मरीज
प्रदेश का बस्तर जिला अभी भी गंभीर संक्रमण की चपेट में है। वहां शुक्रवार को 11 मरीज मिले। वहीं चार लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ। बस्तर में अभी 159 मरीज सक्रिय हैं। यह प्रदेश में सबसे अधिक है। शुक्रवार को जशपुर में 8 और जांजगीर-चांपा में 6 मरीज मिले हैं। रायगढ़, धमतरी और बीजापुर में 5-5 लोग पॉजिटिव पाए गए।
6 जिलों में संक्रमण दर शून्य
प्रदेश में शून्य संक्रमण वाले जिलों में फिर इजाफा हुआ है। शुक्रवार को राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, बलौदा बाजार, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही और सूरजपुर जिलों में संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया। गुरुवार को केवल राजनांदगांव, बालोद और कबीरधाम जिलों में संक्रमण दर शून्य रही थी। शून्य संक्रमण वाले जिलों में से सबसे कम 3 मरीज बेमेतरा जिले में हैं। कबीरधाम में 7 और राजनांदगांव में 10 मरीजों का इलाज जारी है।
रायपुर में अब 100 से कम एक्टिव केस
कभी सबसे बड़ा हॉटस्पाट रहे रायपुर शहर में हालात सामान्य होते दिख रहे हैं। शुक्रवार को यहां केवल 2 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वहीं 24 मरीजों को छुट्टी दी गई। गुरुवार को भी यहां 2 ही मरीज मिले थे। रायपुर में अब कोरोना के केवल 82 एक्टिव केस बचे हैं। शहर में बनाए गए कई कंटेनमेंट जोन अब हटा लिए गए हैं। रायपुर संभाग में केवल बलौदा बाजार-भाटापारा जिला ऐसा है जहां सक्रिय मरीजों की संख्या 100 से अधिक यानी 120 है। दुर्ग और सरगुजा संभाग के किसी जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 100 से अधिक नहीं है।
अब तक 10,03,614
प्रदेश में अब तक 10 लाख 3 हजार 614 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 9 लाख 88 हजार 646 लोग ठीक हो चुके। वहीं 13 हजार 545 लोगों की जान चली गई। प्रदेश भर में अभी भी 1 हजार 423 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। इनमें से 90 प्रतिशत से अधिक लोग होम आइसोलेशन में ही अपना इलाज करा रहे हैं।
Add Comment