छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में सोमवार रात भाजपा नेता संजीव जैन ने खुदकुशी कर ली। उनका शव घर के ही एक कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस को मौके से 10-12 पेज का सुसाइड नोट मिला है। उसमें संजीव ने लिखा है कि उन पर डेढ़ करोड़ रुपए का कर्ज हो गया है। इसे चुकाने के लिए उन्होंने लोन एप्लाई किया था, लेकिन वो भी पास नहीं हुआ। इसके कारण अब उनके पास खुदकुशी के अलावा और कोई चारा नहीं बचा। पुलिस जांच में एक लड़की की ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आ रहा है। वह ब्लैकमेल करके 2 करोड़ रुपए वसूल चुकी है। समझा जा रहा है शायद इसी से तंग आकर उन्होंने ऐसा कदम उठाया। मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र का है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिवार के साथ शाम को चाय पी
जानकारी के मुताबिक, नंदई चौक निवासी संजीव जैन (52) भाजपा जिला कार्यकारिणी के सदस्य थे और नगर निगम में ठेकेदारी करते थे। वह सोमवार शाम को घर पहुंचे और फिर परिजनों के साथ बैठकर चाय पी। इसके बाद रात करीब 8.30 बजे अपने कमरे में चले गए। काफी देर तक बाहर नहीं निकले तो परिजन बुलाने गए, लेकिन दरवाजा बंद था। कुछ देर खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर फांसी पर नीरज की लाश थी।
परिजनों का कहना है कि कर्ज के चलते परेशान थे
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, भाजपा नेता को उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वाली एक लड़की ब्लैकमेल कर रही थी। उसको रुपए देने के चक्कर में वह अपनी प्रॉपर्टी भी बेच चुके थे। बताया जा रहा है कि अब तक करीब 2 करोड़ रुपए उसे दे चुके थे। जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि संजीव ने दुर्ग में उसे एक फ्लैट खरीदकर दिया है। वहीं परिजनों का कहना है कि ठेकेदारी में कुछ समस्या के चलते वह परेशान रहते थे। उन्होंने काफी कर्ज भी ले रखा था। कांट्रैक्ट में रुपए फंसने के कारण वह कर्ज भी नहीं चुका पा रहे थे।
पुलिस बोली- अभी जांच कर रहे हैं
वहीं पुलिस इस संबंध में ज्यादा कुछ बोलने को तैयार नहीं है। उसका कहना है कि मामले की जांच जारी है। सुसाइड नोट में उन्होंने क्या लिखा है यह भी जानकारी पुलिस की ओर से नहीं दी जा रही है। पुलिस कह रही है कि जांच जारी है। ज्यादा जानकारी वे जांच के बाद दे सकेंगे। फिलहाल जिले में भी उनको ब्लैकमेल किए जाने को लेकर चर्चा है। बताया जा रहा है कि भाजपा शासनकाल में वह काफी मजबूत कांट्रेक्टर माने जाते थे।
5 लिफाफों में अलग-अलग लोगों के लिए सुसाइड नोट
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुसाइड करने से पहले संजीव जैन ने पांच पैकेट में अलग-अलग सुसाइड नोट और उसके साथ कुछ कागजात रखे थे। पुलिस को यह पैकेट उनके कमरे से मिले। बताया जा रहा है कि लिफाफे के ऊपर नाम भी लिखे हुए हैं। इसमें भाजपा संगठन के पदाधिकारियों के नाम भी हैं। पूरे सुसाइड नोट का पुलिस अभी खुलासा नहीं कर रही है। यह भी नहीं बता रही है कि सुसाइड नोट में युवती का कितना जिक्र है।
Add Comment