
जगदलपुर : बस्तर संभाग में नक्सलियों के विरूद्ध पुलिस ऑपरेशन मानसून के तहत अलग-अलग जिलों में पुलिस को कई बड़ी सफलताएं भी मिली है। जिसमें जवानों ने अब तक 11 इनामी नक्सलियों को ढेर किया है।
विदित हो कि ठंड और गर्मी के मौसम में नक्सली लगातार अपना ठिकाना बदलते रहते हैं। लेकिन, बारिश के मौसम में ज्यादातर नक्सली एक ही जगह कैंप लगा कर अपना डेरा जमाए हुए रहते हैं। हालांकि उनके ठिकानों तक पहुंचने के लिए जवानों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बस्तर में नक्सलियों के विरूद्ध 01 जून से ऑपरेशन मानसून अभियान की शुरुआत की गई है। दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंड़ागांव, कांकेर एवं बस्तर जिलों के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जवान लगातार कार्यवाही कर रहे हैं। दंतेवाड़ा जिले में महज 02 साल पहले डीआरजी महिला कमांडोज का बल तैयार किया गया था।
जिसका नाम दंतेश्वरी फाइटर्स रखा गया। इस टीम में कई आत्मसमर्पित महिला नक्सली भी शामिल है। इन महिला कमांडोज को नक्सलियों के खिलाफ लोहा लेने की ट्रेनिंग भी दी गई थी। दंतेश्वरी फाइटर्स की महिला कमांडोज भी लगातार सर्चिंग कर रही है।
पुलिस रिकार्ड के अनुसार ऑपरेशन मानसून अभियान में 01 जून को कांकेर व कोंडागांव जिले के सरहदी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में जवानों ने 05-05 लाख रुपए के दो इनामी नक्सलियों को ढेर किया था।
18 जून : जगदलपुर-सुकमा बॉर्डर के चांदामेटा की मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मंगली ढेर हुई थी।
20 जून : को नारायणपुर जिले के ओरछा के जंगलों में सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में नक्सलियों के माड़ डिवीजन के 02 पुरूष नक्सलियों को मार गिराया था।
27 जून : को दंतेवाड़ा जवानों ने पोरदेम के जंगलों में 05 लाख रुपए के इनामी नक्सली संतोष को ढेर किया था।
01 जुलाई को सुरक्षबलों ने नक्सलियों के कांगेर घाटी एरिया कमेटी के साथ हुई मुठभेड़ में 03 लाख रुपए के एक पुरुष माओवादी जोगा को ढेर किया गया था।
15 जुलाई : को दंतेवाड़ा की ढोलकल की पहाडिय़ों के पीछे हुई मुठभेड़ में नक्सली बिरजू, जग्गू व अजय को ढेर किया गया था। इनमें एक 05 लाख रुपए का इनामी भी शामिल है।
25 जुलाई : को सुकमा पुलिस ने चिंतागुफा इलाके में मुठभेड़ में 01 लाख रुपए के इनामी नक्सली कुंजाम भीमा को को ढेर किया था, जिसे लेकर इन दिनों नक्सलियों के इशारे पर मुठभेड़ को फर्जी बताकर प्रर्दशन किया जा रहा है।