छत्तीसगढ़

सिरकट्टी आश्रम धार्मिक आस्था एवं सामाजिक समरसता का केन्द्र : डॉ. रमन सिंह

रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह रविवार को गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड के ग्राम कुटेना स्थित चतुर्भुज सिरकट्टी आश्रम पहुंचे और श्री रामजानकी मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मंदिर का निर्माण करीब 10 करोड़ रूपए की लागत से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने गुरूदेव मंदिर में पूजा अर्चना की और प्रदेश के सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने आश्रम परिसर में स्थित गुरूकुल विद्यालय के लिये 30 लाख रूपए स्वीकृत करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने आश्रम के संस्थापक संत सिया भुनेश्वरी शरण को याद करते हुये कहा कि इस स्थान को उन्होंने अपनी तपस्या व मेहनत से एक तीर्थ के रूप में बदल दिया। आज सिरकट्टी आश्रम धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता का भी केन्द्र बन चुका है। आश्रम का दरवाजा सबके लिये खुला है। यह स्थान शिक्षा केन्द्र के रूप में भी विकसित हो रहा है। डॉ. सिंह ने भक्तीन माता राजिम जयंती पर अपनी शुभकामनाएं देते हुये कहा कि राजिम कुंभ के दौरान राजिम में एसडीएम कार्यालय का विधिवत् शुभारंभ किया जावेगा, जिससे क्षेत्र के लोगों की बहुप्रतिक्षित मांग पूरी हो जाएगी।
कार्यक्रम को सांसद चंदूलाल साहू तथा विधायक संतोष उपाध्याय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी, सिहावा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रवण मरकाम, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष चन्द्रशेखर साहू सिरकट्टी आश्रम के महामंडलेश्वर संत गोवर्धनशरण व्यास, साघ्वी प्रज्ञा भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home/gaganmittal/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471