राजधानी में करीब 80 दिनों के बाद शनिवार कल से मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारे समेत सभी धर्मस्थल आम लोगों के लिए खुल जाएंगे। शर्त सिर्फ यही है कि धार्मिक स्थलों में एक बार में 5 से ज्यादा लोगों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इनमें रोजाना की प्रार्थना कोरोना गाइडलाइन के पालन के साथ पहले की तरह होगी।
इसी तरह, प्रशासन ने रायपुर में बाजारों के खुलने का समय रात 7 बजे से बढ़ाकर 8 बजे तक कर दिया है। सनडे पूरी तरह अनलाॅक है, यानी इस दिन भी बाजार रात 8 बजे तक खोले जा सकेंगे। हालांकि हफ्ते में सातों दिन रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। पिछले हफ्ते संडे को दोपहर 2 बजे तक ही बाजार खोलने का आदेश प्रशासन ने जारी किया था। इसके अलावा बाकी 6 दिन बाजार खुलने का समय 7 बजे तक का ही था। अब 8 बजे तक दुकानें खुली रहेंगी।
धार्मिक स्थलों के लिए यह निर्देश: धार्मिक आयोजन नहीं होगा
मास्क, सेनिटाइजर, 6 फीट की दूरी, प्रवेश द्वार में साबुन, पानी, हैंडवॉश की व्यवस्था के साथ देंगे कोरोना जागरुकता का संदेश।
एसी का तापमान 25 से 30 डिग्री के बीच रहेगा। खिड़की, रोशनदान की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। आर्द्रता 40 से 70 प्रतिशत।
मूर्ति, धार्मिक ग्रंथों या वहां रखी चीजों को छूने की अनुमति नहीं होगी। बड़ी सभाएं या किसी भी तरह के मंडली कार्यक्रम नहीं होंगे।
धार्मिक स्थलों के अंदर दरी, चटाई नहीं बिछाई जाएगी। इन संस्थानों में प्रसाद वितरण नहीं होगा। पवित्र जल भी नहीं छिड़क पाएंगे।
होटलों में 8 बजे तक खाना
होटलों में रविवार को भी रात 8 बजे तक बिठाकर खाना खिलाया जा सकेगा। इसके अलावा होटलों में अगर शादी हो रही है, या बाहरी गेस्ट रुके हैं तो इनहाउस डाइनिंग रात 10 बजे तक चलेगी। इसके साथ ऑनलाइन सुविधा पहले की तरह ही जारी रहेगी।
Add Comment