महिला दिवस पर मुख्यमंत्री का ऐलान
रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए विशेष पुरस्कार योजना शुरू करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री आज दोपहर राजनांदगांव जिले के ग्राम सोमनी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आजीविका महासम्मेलन को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता और आजीविका के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कार्यों के आधार पर महिला स्वसहायता समूहों और महिलाओं को प्रदेश की स्वच्छतादूत स्वर्गीय श्रीमती कुंवरबाई के नाम पर डेढ़ लाख रूपए का पुरस्कार दिया जाएगा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट महिला स्वसहायता समूहों का सम्मान भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बेटियां सायकल चलाने में संकोच करती थी पर अब ई-रिक्शा, जेसीबी जैसे वाहन भी चलाने में महारथ हासिल कर रही हैं। यहां तक फाइटर प्लेन भी चला रही है।
यह बेटियों में आई जागृति को दर्शाती है। उन्होंने स्वर्गीय कुंवर बाई को याद करते हुए कहा कि 104 वर्ष की उम्र में स्वच्छ भारत मिशन से जुड़कर शौचालय बनाया। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके इस बड़े कार्य का सम्मान करते हुए उनके चरण स्पर्श कर आर्शीवाद लिया था। उन्होंने कहा कि राज्य में पंचायती राज में महिलाओं को 50 प्रतिशत दिया है, मगर प्रदेश में 60 प्रतिशत से महिलाएं निर्वाचित होकर आयी हैं। आजीविका महासम्मेलन को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अजय चन्द्राकर, लोकसभा सांसद अभिषेक सिंह, पद्मसम्मानित फूलबासन यादव ने भी संबोधित किया।
Add Comment