कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बीच रायपुर में मोहल्लाबंदी जारी है। बुधवार शाम एक और मोहल्ले के एक हिस्से को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया। इस बार तेलीबांधा के श्याम नगर में कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
रायपुर कलेक्टर की ओर से जारी आदेश में रायपुर नगर निगम के जोन-3 स्थित तेलीबांधा के श्याम नगर में नया कंटेनमेंट जोन बना है। इस प्रतिबंधित क्षेत्र की सीमा पूर्व में मुकेश सेन के मकान से पश्चिम में कबीर द्विवेदी के मकान तक है। वहीं उत्तर में संजय गवई के मकान से दक्षिण में श्यामनगर गुरुद्वारे के सामने वाली सड़क तक सीमा निर्धारित की गई है।
इस दायरे में दर्जन भर मकान हैं। अधिकारियों ने बताया, इस क्षेत्र में पांच लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कंटेनमेंट जोन की घोषणा होने के बाद नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने प्रभावित हिस्से में सैनिटाइजर और ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव किया है। गलियों को बांस-बल्ली से बंद कर दिया गया है।
पहले ही दर्जन भर कंटेनमेंट जोन
रायपुर में होली से पहले ही दर्जन भर कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके हैं। इसमें सबसे अधिक प्रतिबंधित क्षेत्र गुढियारी इलाके में हैं। उसके अलावा चंगोराभाठा, संतोषी नगर, देवपुरी और धनेली गांव को भी कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
आवाजाही प्रतिबंधित
प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन में सभी व्यासायिक गतिविधियों को बंद करा दिया है। आवाजाही प्रतिबंधित है। केवल मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में किसी को कंटेनमेंट जोन से बाहर जाने की अनुमति है। इसके लिए भी उसे CMHO की ओर से जारी पास दिखाना होगा। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए होम डिलीवरी की सुविधा दी जा रही है।
Add Comment