छत्तीसगढ़

अब हजारों शिक्षाकर्मी लगाएंगे “संविलयन वट वृक्ष”, पर्यावरण दिवस पर लिया संकल्प

“संविलयन वट वृक्ष” पर्यावरण रक्षक के साथ बनेगा हमारे संघर्ष और सफलता का जीता जागता स्मारक-वीरेन्द्र दुबे

रायपुर। विश्व पर्यावरण दिवस पर आज शिक्षक पंचायत ननि मोर्चा द्वारा अनूठा और अनुकरणीय कार्य किया गया। प्रदेश संचालक विरेन्द्र दुबे के नेतृत्व में आज मोर्चा के नेतृत्वकर्ताओं में उप संचालक सांत्वना ठाकुर, जितेन्द्र शर्मा, ताराचंद जायसवाल ने रायपुर कुशालपुर स्थित तालाब किनारे संविलियन वट वृक्ष का रोपण किया।
प्रदेश संचालक विरेन्द्र दुबे ने संदेश दिया कि वट वृक्ष चिरकाल तक जीवित रहने वाला वृक्ष होता है, वृक्ष तले हजारों जीव-जंतु, पक्षी अपना जीवन यापन करते हैं और पर्यावरण की रक्षा करते हैं, साथ ही वट वृक्ष का रोपण करने वाला पुण्य का भागी माना जाता है,और उसका नाम वट वृक्ष की तरह अमर हो जाता है। इसी तरह यह संविलियन वट वृक्ष पर्यावरण रक्षा के साथ-साथ हमारे संघर्ष और सफलता की कहानी भी कहेगी, एक तरह से यह जीता जागता स्मारक होगा। जिस तरह वट वृक्ष लाखों जीव जंतुओं का आश्रय स्थली होता और उसका पालन पोषण करता है उसी तरह संविलियन भी प्रदेश के शिक्षाकर्मियों को एक पूर्ण शिक्षक का गौरव और सम्मानित जीवन प्रदान करेगा। वटवृक्ष के नीचे कई पीढिय़ां जैसे सुरक्षित और शीतल छाँव का आनंद उठाती है उसी तरह संविलियन भी प्रदेश के भावी पीढ़ी को सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करेगी।


शिक्षक पंचायत ननि मोर्चा में महिला शक्ति की सशक्त प्रतिनिधित्व करने वाली उप संचालक डॉ सांत्वना ठाकुर ने बताया कि आज विश्व पर्यावरण दिवस पर संविलियन वट वृक्ष लगाकर हमने पर्यावरण और हमारे संघर्ष की सार्थकता को सिद्ध किया है। प्रदेश के समस्त 180000 शिक्षाकर्मी आज से संकल्पित होकर आगामी दिनों अपने-अपने गांवों और स्कूल में संविलियन वट का वृक्षारोपण करेंगे। जिससे पूरे प्रदेश में 360000 संविलियन वट वृक्ष पर्यावरण की रक्षा के साथ हमारे संविलियन और संघर्ष को याद दिलाएंगे। उप संचालक जितेंद्र शर्मा ने कहा कि यह अनुकरणीय कार्य है, वैसे भी शिक्षक पर्यावरण का रक्षक होता है, चाहे वह पृथ्वी का हो या समाज का, दोनो जगह अपने दायित्वों का निर्वहन करता है। हम जो संविलियन वट वृक्ष गांव और स्कूल में लगाएंगे उसकी सुरक्षा और पोषण का दायित्व भी निभाएंगे। यह प्रतीक बनेगा। उप संचालक ताराचन्द जायसवाल ने कहा कि प्रत्येक शिक्षाकर्मी आज पर्यावरण दिवस पर संकल्प लेगा कि वह कम से कम 2 संविलियन वट वृक्ष लगाएगा। हम समाज के उत्तरदायी वर्ग से है और अपनी जिम्मेदारियों को भली भांति समझते हैं। संविलियन वट वृक्षारोपण करते समय झरना झा एवं अजय शर्मा भी सम्मलित थे।

 

यह भी देखें : शिक्षाकर्मियों की पाती माननीय मुख्यमंत्री जी के नाम..

Back to top button
close