कई राज्यों की महिला अध्यक्ष शामिल होंगी कार्यक्रम में
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजधानी में पांच मार्च पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में महिला संसद का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, राष्ट्रीयय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेखा शर्मा, विधान सभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ,उच्च शिक्षा मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय ,महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, बीजेपी अध्यक्ष धरमलाल कौशिक शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती हर्षिता पाण्डेय ने बताया कि महिला संसद में संसद भवन में होने वाली संसदीय कार्य की गतिविधियों का मंच पर साकार प्रदर्शन किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाओं, युवतियों की भागीदारी से संसदीय कार्यप्रणाली जैसे प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण और शून्यकाल का जीवन्त प्रस्तुतिकरण किया जायेगा। सत्ता पक्ष और विपक्ष में महिलाओं की शत-प्रतिशत भागीदारी रखी गई है।
इस महिला संसद में स्पीकर से लेकर प्रधानमंत्री,नेता प्रतिपक्ष और विभिन्न विभागों के मंत्रियों की भूमिका में महिलायें रहेंगी जो संसद में प्रश्न करेंगी और जवाब भी देंगी। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को संसदीय कार्यप्रणाली से अवगत कराना और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास कर उन्हें स्वच्छ संसदीय कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाना है। इस कार्यक्रम में महिलाओं को विधिक जानकारी भी दी जाएगी। महिला संसद में देश के विभिन्न राज्यों जम्मू कश्मीर, उत्तरप्रदेश, उत्तराखण्ड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, असम, गोवा, राजस्थान आदि अन्य राज्यों से राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं सदस्यगण भी सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्रायें, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलायें, युवक-युवतियाँ, शामिल होंगे।
Add Comment