जगदलपुर: बस्तर में स्व. बलीराम कश्यप मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल का नाम बदलने के कांग्रेस सरकार के फैसले को लेकर भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक संतोष बाफना ने कहा है कि, बस्तर के जनमानस की सेवा में अपना पूरा जीवन खपा देने वाले स्व. बलीराम कश्यप के इतिहास को मिटाने एवं उन्हें अपमानित करने के लिए ही कांग्रेसी सरकार के द्वारा इस प्रकार का निंदनीय फैसला लिया गया है।
ढाई वर्ष के कार्यकाल में इस निकम्मी सरकार के पास अपने किये गए कार्यों पर गर्व करने लायक कोई उपलब्धि ही नहीं है इसलिए अपनी घटिया एवं ओछी मानसिकता का परिचय दिया है।
मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल का नाम परिवर्तन करने का आदेश बहुत ही शर्मनाक है। रही बात महेन्द्र कर्मा की, वे स्वयं दादा बलीराम कश्यप के कार्यों के मुरीद थे। ऐसा नहीं है कि, भाजपा स्व. महेन्द्र कर्मा के नाम का विरोध कर रही है। भाजपा जितना सम्मान स्व. दादा बलीराम कश्यप का करती है, उतना ही सम्मान भाजपा के लिए स्व. महेन्द्र कर्मा का भी है।
क्योंकि स्व. महेंद्र कर्मा भी बस्तर के जनमानस की आवाज विधानसभा हो या लोकसभा में पूरी दमदारी के साथ उठाते रहे हैं लेकिन आज इस विकास विरोधी कांग्रेस सरकार के फैसले एवं बस्तर के तथाकथित कांग्रेसी नेता जिन्होंने नाम परिवर्तन करने की सिफारिश की है आज ऐसे इनके जनप्रतिनिधियों की घटिया सोच से खुद स्व. कर्मा को भी निश्चित ही शर्मिदंगी महसूस हो रही होगी।
भाजपा स्व. महेन्द्र कर्मा के खिलाफ बिल्कुल भी नहीं है लेकिन मेडिकल कॉलेज का नाम परिवर्तन करने से यह कतई न समझे की इस मामलें में भाजपा और उसके समस्त कार्यकर्ता मूक दर्शक बने रहेंगे। जितनी जल्दी हो सके प्रदेश सरकार इस बात को समझ लें, भाजपा स्व. बलीराम कश्यप का अनादर बर्दाश्त नहीं करेगी। सडक़ से लेकर सदन तक यदि लड़ाई भी लडऩी पड़ी तो इसके लिए भाजपा पीछे नहीं हटेगी।
Add Comment