महासमुंद: पटेवा थानांतर्गत ग्राम पचरी के पास ट्रैक्टर-छोटा हाथी की भिड़ंत से ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। घटना में ट्रॉली में बैठे 30 से अधिक लोगों को चोटें आई हैं, जिनमें से 3-4 गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार ग्राम हाथीगढ़ से कुछ लोग ट्रैक्टर में सवार होकर बागबाहरा थाना क्षेत्र के बरभाठा शादी में शामिल होने गए थे। वहां से लौटने के दौरान ग्राम पचरी के पास ट्रैक्टर छोटा हाथी से जा टकराई।
घटना के बाद ट्रॉली पलट गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर घायलों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहन की मदद से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पटेवा थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 30 से अधिक को चोटें आई है। घायलों का इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
Add Comment