रायपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन हो गया। आज सुबह करीब साढ़े 3 बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका निधन हो गया। बेटे फैजल पटेल ने भावुक ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। निधन की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भावुक ट्वीट कर निधन पर गहरा दुख जताया है। सीएम ने ट्वीट कर लिखा कि कांग्रेस विचारधारा के प्रति दृढ़ संकल्पित, जुझारू योद्धा, पार्टी के अनमोल रत्न अहमद भाई पटेल जी के निधन का समाचार हम सबके लिए स्तब्ध कर देने वाला है। उनका जाना कांग्रेस पार्टी, गुजरात के साथ देश की भी अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर परिवाजनों को संबल प्रदान करे। ॐ शांति:।
बता दें कि 71 साल के अहमद पटेल तीन बार लोकसभा के सदस्य रहे हैं और 5 बार राज्यसभा के सांसद रहे हैं। पहली बार 1977 में 26 साल की उम्र में भरूच से लोकसभा का चुनाव जीतकर अहमद पटेल संसद पहुंचे थे।
हमेशा पर्दे के पीछे से राजनीति करने वाले अहमद पटेल कांग्रेस परिवार के विश्वस्त नेताओं में गिने जाते थे। वे 1993 से राज्यसभा सांसद थे। अगस्त 2018 में उन्हें कांग्रेस पार्टी का कोषाध्याक्ष नियुक्त किया गया था।
Add Comment