फ्रांस में कोरोना वायरस के फिर से विकराल रूप धारण करने के बाद एक बार फिर से पूरे देश में लॉकडाउन लग सकता है। माना जा रहा है कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों जल्द ही राष्ट्र को संबोधित कर सकते हैं। पिछले 24 घंटे में फ्रांस में 523 लोगों की मौत कोरोना के चलते हो गई है, जो अप्रैल के बाद सबसे ज्यादा है।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक फ्रांसीसी सरकार देश में एक महीने तक लॉकडाउन लगाने पर विचार कर रही है। माना जा रहा है कि राष्ट्रपति मैक्रों आज सरकारी टीवी पर इसका ऐलान कर सकते हैं। हालांकि मैक्रों के कार्यालय की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। फ्रांस में पिछले 24 घंटे में 33,417 नए मामले आ चुके हैं।
फ्रांस के गृह मंत्री गेराल्ड डारमेनिन ने भी संकेत दिए हैं कि राष्ट्रपति अपने भाषण में कुछ कड़े फैसले ले सकते हैं। मैक्रों कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर रक्षा परिषद की दो आपात बैठक भी ले चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक लॉकडाउन की घोषणा के बाद भी स्कूलों को खुला रखा जा सकता है।
Add Comment