6 जवान घायल, तीन की हालत गंभीर, रायपुर रिफर
सुकमा। सुकमा में माओवादी हमले में सुरक्षाबल के 2 जवानों सहित चार लोग मारे गए है। घटना में आधा दर्जन से अधिक जवान गंभीर रुप से घायल हो गए है। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिये रायपुर रवाना किया जाएगा। हमले की पुष्टि आईजी पुलिस सुंदरराज पी ने की है। पुलिस के अनुसार सुकमा के भेज्जी इलाके में भेज्जी से चिंतागुफा सड़क निर्माण का काम चल रहा है, जिसे रोकने को लेकर माओवादियों ने कई बार चेतावनी दी है, रविवार को माओवादियों ने हमला बोला और सड़क निर्माण में लगी गाडिय़ों में आग लगा दी। इसके बाद माओवादियों ने एक मजदूर और निर्माण कार्य में लगे मुंशी की भी हत्या कर दी। इसी दौरान माओवादियों का सामना कोबरा बटालियन से हुआ, जिसमें दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। मुठभेड़ में दो सहायक आरक्षक मड़कम हंदा और मुकेश कडती शहीद हो गए। करीब आधा दर्जन जवान घायल हो गए है। पुलिस ने बड़ी संख्या में माओवादियों के भी मारे जाने और उनके घायल होने की आशंका जताई है। इस बीच पूरे इलाके में माओवादियों की तलाश में सर्चिंग ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। सुरक्षाबलों की अतिरिक्त टुकड़ी भी रवाना की गई है।
Add Comment