अंबिकापुर। चरित्र शंका में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से गर्दन काटकर मौत के घाट उतार दिया। दूसरे दिन बहू आई तो कमरे में खून देखकर चीख पड़ी। बहू की चीख सुनकर आस-पड़ोस के लोग इकठ्ठा हो गये। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला गांधी नगर क्षेत्र के सरगांव चारपारा का है, जहां आगर साय ने धारदार हथियार से अपनी पत्नी विमला बहरा की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी सारी रात आंगन में ही बैठा रहा। अगले दिन शनिवार को जब उसकी बहू आई तो मामले का पता चला। बताया जा रहा है कि आगर साय अपनी पत्नी विमला बहरा के चरित्र पर संदेह करता था। इसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात भी पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ।
इसके बाद आगर ने कुल्हाड़ी नुमा हथियार से पत्नी पर वार कर दिया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी ने कहा कि उसने ही हत्या की है। पत्नी का चरित्र ठीक नहीं था, इसलिए मार दिया है।
पुलिस के मुताबिक विमला की गर्दन पर छह- सात बार वार किए गए। इससे उसकी गर्दन लगभग कटकर अलग हो गई थी। जिस कमरे में वारदात हुई है, उसी में पति-पत्नी रहते थे। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Add Comment