बलरामपुर,पवन कश्यप-:जिला बलरामपुर रामानुजगंज में कोविड-19 सघन सामुदायिक सर्वे अभियान 05 अक्टूबर से प्रारंभ हो चुका है जो 12 अक्टूबर 2020 तक चलेगा। सर्वे टीम द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर कोविड-19 संक्रमित व्यक्तियों की पहचान कर तत्काल एन्टीजन टेस्ट किया जा रहा है।
एन्टीजन टेस्ट में नेगेटिव पाए गये व्यक्तियों का आरटीपीसीआर व ट्रू नाॅट सैम्पल लिया जा रहा है। पाॅजिटिव पाए गये व्यक्तियों जिनमे ंहल्के लक्षण या कोई लक्षण नहीं है उन्हें शासन के दिशानिर्देशानुसार होम आइसोलेशन में रखा जा रहा है। ऐसे मरीजों के घर जाकर उन्हें दवाईयां देने के साथ ही प्रतिदिन उनकी स्थिति की जानकारी भी ली जा रही है।
उच्च जोखिम एवं जो मरीज सामान्य स्थिति में नहीं है, उन्हें तत्काल नजदीकी कोविड हाॅस्पीटल में ईलाज हेतु भर्ती किया जा रहा है। 08 अक्टूबर 2020 तक जिला बलरामपुर में सर्वे किये गये कुल घरों की संख्या 1 लाख 6 हजार 129, लक्षण सहित पाये गये व्यक्तियों की संख्या 4 हजार 976, उच्च जोखिम में पाए गये व्यक्तियों की संख्या 1 हजार 101 तथा सामान्य संक्रमित पाये गए व्यक्तियों की संख्या 1 हजार 596 है।
यह सर्वे अभियान 12 अक्टूबर 2020 तक सघन अभियान के रूप में प्रारंभ की गयी है। जिला प्रशासन, पंचायत विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग व स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से टीम द्वारा इस अभियान को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने व जन जागरूकता हेतु प्रचार-प्रसार /मुनादी नगर व ग्रामीण स्तर पर किया जा रहा है।
इसके साथ ही सर्वे टीम लोगों कों कोरोना के बारे में जानकारी देने के साथ ही बचाव के तरीके बता रही है। यदि किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ, शरीर दर्द, स्वाद या सूंघने की क्षमता में कमी, गले में खराश, बंद या बहती नाक एवं उल्टी दस्त आने जैसे समस्या है तो इसको हल्के में न ले यह कोरोना हो सकता है तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दें।
कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने आम जनों से अपील की है कि वे सर्वे टीम को सही-सही जानकारी दें, कोई भी जानकारी न छुपाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि कोरोना से बचने के लिए घर से निकलते समय मास्क जरूर पहने, साबुन और पानी से हाथ धोए, सैनिटाइजर का उपयोग करें, एक दूसरे से कम से कम 6 फीट या 3 हाथ की दूरी बना कर रखें एवं भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
Add Comment