Breaking Newsछत्तीसगढ़स्लाइडर

छत्तीसगढ़: मानसून की हो रही बिदाई… आज इन इलाकों में हो सकती है बारिश…

रायपुर। मानसून की बिदाई के साथ ही एक द्रोणिका के सक्रिय होने से छत्तीसगढ़ में बारिश के हालात बने हुए हैं। राजधानी रायपुर में पिछले दो दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी हो रही है। पूर्वानुमान के अनुसार यहां दोपहर बाद बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा राज्य के सभी संभागों में इसी तरह के हालात बने हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी 24 घटों के दौरान राज्य के इलाकों में बारिश के आसार हैं।



उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में दो दिनों से बारिश हो रही है। आज सुबह से अंबिकापुर शहर में बारिश जारी है। यहां रुक- रुक कर बारिश हो रही है। इसके अलावा बादली के साथ हल्की धूप भी नजर आ रही है। दोपहर के वक्त यहां भी बारिश की संभावना है। उधर बस्तर संभाग में भी यही हालात बने हुए हैं। जगदलपुर में आसमान में बदली छाई हुई है और यहां भी दोपहर के वक्त बारिश के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून की विदाई बहराइच, ग्वालियर, सवाई माधोपुर, जवाई डैम तक हो चुकी है। इसके साथ ही एक एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे हुए उड़ीसा पर स्थित है इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक है।

एक द्रोणिका निम्न दाब का क्षेत्र से दक्षिण छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, होते हुए उत्तर महाराष्ट्र तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। आज प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और भारी वर्षा होने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।

Back to top button
close