पूर्व सीएम के बंगले में कार्यरत कर्मचारी ने किया बलात्कार

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर के बंगले पर कार्यरत एक कर्मचारी की बेटी से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी श्याम सुंदर पाटिल को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार नूतन कॉलेज में बीए सेकंड ईयर में पढऩे वाली कमला नगर निवासी छात्रा एक मार्च को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने छात्रा की गुमशुदगी कमला नगर थाने में दर्ज कराई थी। छात्रा दो दिन बाद भोपाल स्थित अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। पीडि़त छात्रा ने कहा कि श्याम सुंदर पाटिल ने उसे फोन कर डीबी मॉल बुलाया और फिर चाय में नशे की दवा मिलाकर पिला दी।
वह उसका अपहरण करके अपने मामा-मामी के घर छत्तीसगढ़ ले गया। जहां उसके साथ जबरन शादी कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। जैसे-तैसे लड़की भोपाल पहुंची और परिजनों के साथ मिलकर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया।