रायपुर. प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। स्थिति यह है कि संक्रमित मरीजों की संख्या 63,991 जा पहुंची है। मगर, रविवार को राहत की बड़ी खबर यह रही कि पहली बार 24 घंटे में 3,953 मरीज स्वस्थ हुए। इनमें अस्पताल में भर्ती 1015 और होम आइसोलेशन में रहे 2938 मरीज शामिल हैं।
इसके साथ ही रिकवरी रेट बढ़कर 49.3 जा पहुंचा है, जो शनिवार को 45.3 प्रतिशत रहा। शनिवार को सबसे ज्यादा 3120 मरीज मिले थे, जिसने स्वास्थ्य विभाग की बैचेनी बढ़ा दी थी।
उधर, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें राजधानी के श्रीबालाजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है, जहां वे ऑक्सीजन पर हैं। अस्पताल संचालक डॉ. देवेंद्र नायक ने बताया कि नंदकुमार बघेल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उनके फेफड़े 50 प्रतिशत ही काम कर रहे हैं। आने वाले 3-4 दिन उनके लिए अहम हैं।
भरतपुर, सोनहत से विधायक गुलाब कमरो संक्रमित पाए गए हैं। रायपुर से भाजपा पार्षद मृत्युजंय दुबे संक्रमित मिले हैं। मौत का आंकड़ा भी रुकने का नाम नहीं ले रहा है। स्थिति यह है कि 555 कोरोना संक्रमित लोग वायरस की गिरफ्त में आकर जान गवां चुके हैं। 29 मई को प्रदेश में पहली मौत हुई थी। तब से 31 अगस्त तक 277 और अकेले सितंबर में 278 लोग दमतोड़ चुके हैं।
प्रदेश में अब तक-
63,991- कुल संक्रमित
31,505- एक्टिव
31,931- डिस्चार्ज
551- मौत
Add Comment