रायपुर. वर्ष 2019-20 में की गई धान खरीदी का कार्य पूरा होने के बाद विपणन संघ ने धान खरीदी केंद्रों का लेखा-जोखा मिलान शुरू कर दिया है। संघ को अब तक खरीदी केंद्रों में तीन करोड़ से अधिक का धान शार्टेज के रूप में मिला है। संघ ने अब तक 75 प्रतिशत खरीदी केंद्रों को मिलान कर रिपोर्ट दी है। शेष 25 प्रतिशत केंद्रों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।
संघ ने धान की कमी पाए जाने पर समिति अध्यक्ष और समिति प्रबंधकों सहित कई लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा इस वर्ष किसानों से 83.94 लाख टन धान खरीदी की गई थी। खरीदी केंद्रों से कस्टम मिलिंग के लिए खरीदे गए धान में से 83.71 लाख टन धान का उठाव कर लिया गया है।
संघ द्वारा समिति द्वारा खरीदे गए धान के रखरखाव और धान के कमी का आकलन शुरू कर दिया गया है। 2048 खरीदी केंद्रों में से 1518 खरीदी केंद्रों के लेखा जोखा का मिलान पूरा कर लिया गया है। 75 प्रतिशत समितियों की जांच के बाद शेष 530 खरीदी केंद्रों की जांच जारी है। जांच में यह पाया गया कि 12 खरीदी केंद्रों में 13 हजार 148 टन धान की कमी पाई गई है।
लगभग तीन करोड़ रुपए के धान की कमी पाए जाने पर संघ ने खरीदी केंद्रों की समितियों के अध्यक्ष और प्रबंधकों से पूछताछ करने के बाद इसकी जिम्मेदारी तय कर रही है। दोषी लोगों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया जा रहा है। अब तक 27 लोगों पर मामला दर्ज कराया गया है।
समिति अध्यक्ष से चौकीदार पर एफआईआर
संघ के अधिकारियों ने बताया कि धान खरीदी में धान की कमी पाए जाने पर 12 समितियों पर की गई कार्रवाई में समिति के अध्यक्ष से लेकर चौकीदार को भी दोषी माना गया है। मुंगेली के कंतेली धान खरीदी केंद्र में 18 बोरा धान चोरी हो गया था। वहीं कई खरीदी केंद्रों में यह पाया गया कि एंट्री करने में कंप्यूटर ऑपरेटरों की लापरवाही सामने आई है।
संघ द्वारा की गई जांच के बाद समिति अध्यक्ष, समिति प्रबंधक, पर्यवेक्षक, संस्था प्रबंधक को भी दोषी पाया गया है। संघ ने 27 लोगों पर एफआईआर की है। धान की मात्रा के आधार आगे की कार्रवाई भी तय की जाएगी।
यहां मिली गड़बड़ी
धान खरीदी केंद्रों की जांच मुंगेली के पांच खरीदी केंद्रों में धान का शार्टेंज मिलर है।
यहां के पडरभठा, डोंगरिया, सिलदहा, कंतेली में और लौंटा खरीदी केंद्रों में 140 टन से अधिक का धान कम पाया गया है। यहां के समिति अध्यक्ष, प्रबंधकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों की लापवाही सामने आने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसी प्रकार रायपुर जिले के धरसींवा ब्लॉक में दो खरीदी केंद्र कुकरैलरैता और खैरखुंट खरीदी केंद्रों 160 टन धान की कमी पाई गई है।
धमतरी जिले में नवागांव खरीदी केंद् में 72 टन की कमी पाई गई है। बालोद जिले के सिर्री में 413 टन, भरदाकला में 1317 टन, गुरुर में 643 टन और कुसुमकसा 1329 टन धान की कमी पाई गई। इसी प्रकार बेमेतरा जिले के एक ही खरीदी केंद्र गाड़ाडीह में 2605 टन धान की कमी पाई गई है।
Add Comment