खेलकूददेश -विदेशसियासतस्लाइडर

…तो क्या MS धोनी लड़ेंगे चुनाव? BJP के इस नेता ने 2024 के चुनाव के लिए दिया आफर…

भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल और भरोसेमंद कप्तानों में शामिल रहे महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया। संन्यास लेने के बाद धोनी के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो रही हैं। संन्यास के बाद धोनी क्या करने वाले हैं, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि, इन सब के बीच उन्हें राजनीति की पिच पर बैंटिंग करने का मौका जरूर मिल गया है। 

भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने धोनी को राजनीति में आने का ऑफर दिया है। स्वामी ने यहां तक कहा है कि धोनी को 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में हाथ आजमाना चाहिए। भाजपा नेता ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान को चुनाव लड़ने के लिए न्योता भी भेजा है। 
सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट किया, ‘एमएस धोनी ने क्रिकेट से संन्यास लिया है बाकी चीजों से नहीं। उनकी क्रिकेट के मैदान में बाधाओं से लड़ने और टीम के प्रेरक नेतृत्व वाली काबिलियत की सार्वजनिक जीवन में जरूरत है। उन्हें 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए।’

गौरतलब है कि शनिवार शाम महेंद्र सिंह धोनी ने संन्यास की घोषणा कर दी। उनके इस फैसले ने क्रिकेट जगत के साथ-साथ लोगों को भी चकित कर दिया। माना जा रहा था, धोनी अगले साल होने वाले टी-20 विश्व कप के बाद संन्यास की घोषणा करेंगे, लेकिन उनके द्वारा अचानक संन्यास का फैसला हैरानी भरा रहा। 

धोनी के संन्यास के एलान के बाद लोगों की तरफ से उन्हें आगे के जीवन के लिए ढेरों बधाई संदेश मिल रहे हैं। कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा, धोनी हमारे दिल-दिमाग से कभी संन्यास नहीं ले सकते हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा, विश्व क्रिकेट को हेलीकॉप्टर शॉट्स की बहुत याद आएगी।  

बता दें कि, 39 साल के धोनी टीम इंडिया के सर्वश्रेष्ठ कप्तान रहे हैं। वो सितंबर में होने वाले आईपीएल में भी चेन्नई टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। फिलहाल टीम चेन्नई में अभ्यास कर रही है जहां से जल्द ही टीम यूएई के लिए रवाना हो जाएगी। गौरतलब है कि इस साल कोरोना संकट के चलते आईपीएल का आयोजन यूएई में हो रहा है।

Back to top button
close