देश -विदेशस्लाइडर

रौशन के लिए दुआओं का दौर जारी, मंदिरों में की जा रही पूजा-अर्चना

देवास। रौशन को बचाने के लिए दुआओं का दौर जारी है। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू टीम का अभियान अंतिम चरण पर है। टीम के सदस्य और प्रशासनिक अधिकारियों का अमला मौके पर डटे हुए है। इसके अलावा नगर के मंदिरों में भी पूजा-अर्चना का दौर जारी हो गया है।
देवास जिले के ग्राम उमरिया में शनिवार सुबह चार वर्षीय रौशन खेलते-खेलते 8 इंच के गोलाई वाले खुले बोरवेल में गिर गया। बच्चे को बचाने के लिए अभियान अंतिम दौर में पहुंच गया है। शनिवार को बच्चा गिरने की सूचना पर प्रशासन और पुलिस का अमला सक्रिय हुआ और अभियान शुरू किया। सेना की टीम भी इस ऑपरेशन में शामिल हो गई है।


तीन पोकलेन मशीन और एक जेसीबी की मदद से खुदाई की गई। बीच में चट्टान आने की वजह से रेक्स्यू ऑपरेशन में रुकावट आई। अब बच्चे तक पहुंचने के लिए सुरंग बनाई जा रही है। रविवार सुबह उसे फिर पाइप के जरिए दूध दिया गया। इस दौरान बच्चे की हलचल पर पूरी नजर रखी गई। कांजीपुरा निवासी भीमसिंह कोरकू और पत्नी रेखा तीन बच्चों नैतिक, रोशन व चेतन को लेकर मजदूरी करने उमरिया स्थित खेत पर गए थे। वहां दंपती चने बिनने लगे और बच्चे पास ही खेल रहे थे। बच्चे करीब 11 बजे खेलते हुए पास ही हीरालाल जाट के खेत पर पहुंच गए। खेलते-खेलते अचानक रौशन बोरवेल में जा गिरा। बालक करीब 27 फीट गहराई में फंसा है। इस दौरान बालक रोते हुए बोल रहा था-पापा बचा लो। तत्काल मेडिकल टीम को भी बुलाया गया और नली के माध्यम से ऑक्सीजन बच्चे तक पहुंचाई गई।

Back to top button
close